नंदोत्सव पर मेरठ शहर के सभी राधा-कृष्ण मंदिर, शिवालय और देवी शक्तिपीठ में भव्य आयोजन हुए। रात 12 बजते ही मंदिरों में हाथी घोड़ा पालकी, जय कन्हैया लाल की के नारे गूंजने लगे। अर्द्धरात्रि में व्रत का पारण किया गया।
बाबा औघड़नाथ मंदिर में दूसरे दिन भी सजावट की गई। मंदिर में गर्भग्रह से लेकर मंदिर के बाहर तक पहली बार पाइपों की मदद से इत्र वर्षा की व्यवस्था की गई। भगवान के बाल रूप के दर्शन कर सभी आनंदित हो गए। प्रभातनगर में ठाकुर जी और राधा रानी की प्रभातफेरी निकाली गई। पूजन व शंखनाद पंडित प्रभु नारायण शास्त्री ने किया। प्रभातफेरी, प्रभातनगर, जेल चुंगी रोड, सूर्यनगर, अशोक वाटिका से होते हुए मंदिर पर समाप्त हुई। महाआरती के बाद प्रसाद और खिलौने वितरित हुए। इस दौरान राजीव अग्रवाल, अनूप शर्मा, दिनेश बंसल, दीपक अग्रवाल, आशीष अग्रवाल, डॉ. संजीव रस्तोगी, अंशु रस्तोगी आदि मौजूद रहे।
मंदिरों में मनाया गया कृष्ण जन्मोत्सव
श्री खाटू श्याम मंदिर छोटा खाटू धाम मुल्तान नगर में नंदोत्सव पर भजन संध्या हुई। इस दौरान अनिल गोल्डी, प्रभात शर्मा, मुदित मांगलिक, अभि सिंघल, संजय माहेश्वरी आदि रहे। शारदा रोड स्थित प्राचीन श्री राधा-कृष्ण मंदिर भगवान श्री बांके बिहारी जी की अद्भुत व दुर्लभ प्रतिमा की पूजा मंदिर कमेटी के मुख्य सेवादार अभिषेक अग्रवाल ने की। मुख्य पुजारी पंडित अशोक शर्मा ने मंत्रोच्चारण किया। इस दौरान निशांत जिंदल, आचार्य मदन, दीपक शर्मा, प्रताप राणा, प्रथम दीक्षित रहे।
कन्हैया के गीतों पर बच्चों ने दी मनमोहक प्रस्तुति
दिल्ली रोड सूर्या पैलेस स्थित शिव शक्ति मंदिर में नंदोत्सव पर बच्चों द्वारा मनमोहक प्रस्तुति दी गई। गणेश वंदना के साथ कार्यक्रम आरंभ हुआ। महिका गोयल ने श्री कृष्ण गोविंद हरे मुरारी, हे नाथ नारायण वासुदेवा गीत पर प्रस्तुति दी। आराध्या, सांची, मिष्ठी बग्गा, विग्रह बंसल, रियांश गुलाटी, अनुष्का मित्तल, न्योनिका आदि 40 बच्चों द्वारा प्रस्तुति दी गई। इस दौरान रितु कुच्चल, निशा अग्रवाल, लता, तनु, प्रीति, योगिता, दीपिका का योगदान रहा।
फूलों से सजे वृंदावन बिहारी
पीएल शर्मा रोड स्थित सिद्धपीठ दक्षिणमुखी पंचमुखी हनुमान मंदिर में वृंदावन बिहारी को फूलों से सजाया गया। पुष्प वर्षा के बीच मिठाई खिलौने बांटे गए। बच्चों को माखन मिश्री का प्रसाद बांटा गया। इस दौरान विभास रस्तोगी, जयप्रकाश रस्तोगी, योगेश जैन, प्रचुर सिंघल, रविकांत, पंडित कैलाश दत्त आदि रहे। श्रीरामा संकीर्तन मंदिर में देशभक्ति से परिपूर्ण झांकी प्रस्तुत की गई। उद्घाटन विधायक अमित अग्रवाल और मधु अग्रवाल ने किया। इस दौरान पंडित राजेश शर्मा, आशा चौधरी, सुरेश छाबड़ा, नवीना छाबड़ा आदि मौजूद रहे।
छह सखियों के साथ विराजी राधा-रानी
सराफा बाजार में फूलडोल कमेटी के तत्वावधान में आयोजन किया गया। झांकी राधा रानी अपनी छह सखियों संग विराजी नजर आईं। तिलक और पूजन का सौभाग्य रमेश चंद्र राहुल कुमार को प्राप्त हुआ। इस दौरान रमेश चंद्र राठी, अनिल शारदा, मनोज कुमार सराफ, अशोक, विजय आनंद अग्रवाल, सुनील कुमार चौरसिया रहे। वहीं, सदर स्थित लक्ष्मीनारायण मंदिर में पंडित लक्ष्मीनारायण ने पूजन किया। अनिल जैन, सुनील सिंघल, अंकित गुप्ता, सतेंद्र अग्रवाल रहे। वहीं, सदर वामन भगवान मंदिर में पंडित नंदकिशोर शर्मा ने पूजन किया। इस दौरान समीर खुराना, जुगल किशोर, मुकेश अग्रवाल, अजय अग्रवाल, मुकेश कंसल, मनु आदि मौजूद रहे।
महामंत्र की धुन पर हुआ संकीर्तन
इस्कॉन के तत्वावधान में नंदोत्सव कार्यक्रम का आयोजन शहर में बाईपास स्थित एक रिजार्ट, मोदीपुरम सुपरटेक और शास्त्रीनगर में बालेराम ब्रजभूषण सरस्वती शिशु मंदिर में किया गया। बाईपास रिजार्ट में वृंदावन से आए कलाकारों ने महामंत्र की धुन पर कीर्तन किया। भगवान को 108 प्रकार के व्यंजनों का भोग लगाया गया। भगवान का अभिषेक दूध, दही, शहद, घी, फलों के रस व पुष्प से किया गया। तुलसी आरती के बाद अक्रूर प्रभु ने प्रवचन दिया। अतुल अग्रवाल, आशीष, उत्तम मेहरा, सौरभ शर्मा, कमल मेहरा का योगदान रहा। इस्कॉन शास्त्रीनगर द्वारा आयोजित कार्यक्रम में अक्रूर प्रभु ने कृष्ण जन्म लीला का वर्णन किया। मुख्य अतिथि सांसद राजेंद्र अग्रवाल, शहर रामलीला कमेटी अध्यक्ष मनोज गुप्ता, भाजपा नेता आलोक सिसौदिया रहे। रॉक बैंड की प्रस्तुति के बीच झांकी प्रस्तुत की गई। भगवान को 56 भोग लगाए गए। इस्कॉन रूड़की रोड द्वारा आयोजित कार्यक्रम में रूपवान दास जी ने भगवान की दिव्य लीला का वर्णन किया। मुख्य अतिथि महापौर हरिकांत अहलूवालिया, राज्यसभा सदस्य लक्ष्मीकांत वाजपेयी और विधायक अमित अग्रवाल रहे। इस दौरान राहुल देव, सचिन अहलावत, रूपवान दास, सचिंद्रगौर दास, द्वारिकावासी, नारद प्रिया, सदाशिव केशव, राजीव सिंघल, अशोक मिश्रा आदि मौजूद रहे।
बंगाली दुर्गाबाड़ी में हुई काठामो पूजा
मेरठ में सदर बंगाली दुर्गाबाड़ी समिति सदर में काठामो पूजा यानी नवरात्रों में मां दुर्गा की प्रतिमा जिस लकड़ी के फ्रेम के ऊपर बनाई जाएगी उसकी पूजा बंगाली पुरोहित आचार्य अशोक भट्टाचार्य ने की। हर वर्ष यह पूजा जन्माष्टमी के दिन परंपरागत रूप से पूर्ण विधि-विधान के अनुसार संपन्न की जाती है। समिति के प्रधान सचिव श्री अभय मुखर्जी ने बताया कि इस बार शारदीय नवरात्रों में बंगाली दुर्गाबाड़ी समिति मेरठ 217 वर्ष की दुर्गा पूजा का आयोजन करने जा रही है। मां दुर्गा की प्रतिमा जिस लकड़ी के ऊपर बनाई जाती है कृष्ण जन्माष्टमी के दिन ही उस बेदी का पूजन किया जाता है। इसके बाद बंगाल से बुलाए गए विशेष मूर्ति कारों के द्वारा मां भगवती की प्रतिमा बनाने का शुभारंभ होता है। अध्यक्ष श्री विश्वजीत विश्वास ने बताया कि मेरठ बंगाली दुर्गाबाड़ी समिति ने हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित रखा है। दुर्गाबाड़ी एबी गर्ल्स इंटर कॉलेज सदर के अध्यक्ष डॉ. सुब्रतो सेन ने बताया कि इस बार शारदीय नवरात्रि 15 अक्तूबर से शुरू हो रहे है। प्रथम नवरात्रि के दिन से ही मां के मुख दर्शन के लिए पंडाल श्रद्धालुओं के लिए खोला जाएगा। शाम की संध्या आरती के बाद सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस दौरान मोहिनी मुखर्जी, इला मुखर्जी, पपिया सान्याल, रिंकू नियोगी, अजय मुखर्जी, लिपिका चौधरी, रीना सेन आदि मौजूद रहे।
कान्हा ने मटकी फोड़ी, रूठी राधा-रानी को मनाया
मेरठ में शिक्षण संस्थाओं में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। छात्र-छात्राओं ने श्रीकृष्ण के जीवन चरित्र पर आधारित झांकियां निकाली। राधा-कृष्ण बनकर आए बच्चों ने भजनों पर शानदार प्रस्तुति दी।
पत्थर वाला लाला का बाजार स्थित एंजेल्स एकेडमी स्कूल में श्रीकृष्ण जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया गया। संस्था चेयरमैन अनुराग गुप्ता, कीर्ति गुप्ता, डायरेक्टर यशराज गुप्ता, इशिका गुप्ता ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। बाल गोपाल को माखन मिश्री का भग लगाया। प्रधानाचार्या श्वेता वर्मा ने पर्व की जानकारी देकर छात्र-छात्राओं का उत्साहवर्धन किया। अमित मुंजाल ने आभार जताया।
पल्लवपुरम उदय सिटी स्थित डेफोडिल्स किड्स प्ले हाउस में भी श्रीकृष्ण जन्मोत्सव मनाया गया। छोटे बच्चे राधा और कृष्ण बन कर आए। बच्चों ने श्रीकृष्ण के भजनों पर नृत्य कर प्रस्तुति दी। प्रधानाचार्य मीनाक्षी रानी ने बच्चों को पर्व की शुभकामनाएं देकर इस पर्व के महत्व को बताया।
यह भी पढ़ें: Meerut Crime Report: भीड़ से घिरते ही तीसरी मंजिल से कूदा चोर, टूटे पैर, लोहियानगर थाने में पहला मुकदमा दर्ज
मेरठ पब्लिक स्कूल समूह में विद्यार्थियों ने दही हांडी का मंचन, राधा-कृष्ण नंदराज, यशोदा मैया आदि की वेशभूषा धारण किए। विद्यालय प्रबंधन समिति व प्रधानाचार्यों ने कहा कि यह त्योहार हमें प्रेम पूर्वक रहने व सौहार्दपूर्ण वातावरण को बनाए रखने की प्रेरणा देता है।
ब्रह्माकुमारीज ने भी मनाया पर्व
शास्त्रीनगर स्थित ब्रह्माकुमारीज ने ईश्वरीय विश्वविद्यालय में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व पर विशेष झांकी निकाली। संस्था संचालिका बीके बीना बहन ने पूर्व पार्षद पंकज कतीरा से झांकी का शुभारंभ कराया। इस दौरान रमेश, भारत, मनीषा, विनीत, शशि, कुसुम, संतोष, पप्पू, ज्योति, पूनम आदि का सहयोग रहा।
यह भी पढ़ें: जी 20 शिखर सम्मेलन: आज शाम से दिल्ली में वाहनों की नो एंट्री, ट्रेनें रद्द, असुविधा में डायल करें ये नंबर
जन्माष्टमी पर कान्हा उपवन में गोंवशों की पूजा
परतापुर स्थित भूड़बराल में कान्हा उपवन में जन्माष्टमी पर गोवंशों की पूजा की गई। प्रभारी नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. हरपाल सिंह के साथ मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. एके गर्ग सहित नगर निगम की टीम मौजूद रही। डॉ. हरपाल सिंह ने बताया है कि गोवंशों के गले में माला पहनाई गई है। उनकी देखरेख की व्यवस्था देखकर कर्मचारियों को सख्त निर्देश दिए है कि लापरवाही करने वालों पर कार्रवाई भी होगी।