आधा दर्जन भट्टी, अधबनी शराब नष्ट की, 240 लीटर कच्ची शराब के साथ दो गिरफ्तार
मवाना। आबकारी विभाग और पुलिस ने खादर में अवैध शराब बनाने वालों के खिलाफ अभियान चलाया। आधा दर्जन भट्टी, भारी मात्रा में अधबनी शराब मौके पर नष्ट की गई। दो लोगों को शराब बनाते मौके से गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से 240 लीटर कच्ची शराब बरामद हुई।
त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के मद्देनजर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के आदेश पर थाना पुलिस ने आबकारी टीम के साथ मिलकर बृहस्पतिवार को अवैध शराब के विरुद्ध अभियान चलाया। एसएसआई नरेंद्र सिंह ने बताया कि गांव वीरनगर के जंगल से दो आरोपियों को कच्ची शराब बनाते समय गिरफ्तार किया है। मौके से शराब बनाने के उपकरण, करीब 240 लीटर कच्ची शराब व 15000 लीटर लहन बरामद किया। टीम ने अधबनी शराब को मौके पर ही नष्ट कर दिया। लगभग आधा दर्जन शराब बनाने की भट्टियां नष्ट की। पकड़े गए आरोपियों ने बताया कि आगामी प्रधानी के चुनाव को देखते हुए क्षेत्र में कच्ची शराब की मांग काफी बढ़ गई है। उसी के लिए यूरिया का मिश्रण से कच्ची शराब तैयार की जा रही थी। यह शराब मवाना व आसपास के क्षेत्र में सप्लाई की जाती है। गिरफ्तार आरोपी वीरेंद्र निवासी वीरनगर व अशोक निवासी गांवडी हैं।