- छह दिनों के दूसरी बार पुलिस ने की छापे की कार्रवाई
-अब इकबाल कबाड़ी के भी होगी कार्रवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। सोती गंज में बुधवार शाम सदर बाजार पुलिस और स्वॉट टीम ने एसपी सिटी के निर्देश पर छह दिन के अंदर दूसरी बार हाजी गल्ला के सात ठिकानों पर छापा मारा। वहां कोई संदिग्ध सामान और कटान नहीं मिला। वहां काफी संख्या में हाजी गल्ला के पक्ष में लोग एकत्र हो गए। पुलिस ने किसी की नहीं सुनी और सत्यापन करने के बाद ही पुलिस की टीम वापस लौटी। इससे पहले 23 अक्तूबर को भी हाजी गल्ला के छापा मारा गया था।
तीन दिन पहले सोतीगंज निवासी अब्दुल रहमान उर्फ बिल्ला की पुलिस से मुठभेड़ हुई थी। पुलिस ने उसके पास से चोरी की गाड़ियों के पार्ट्स बरामद किए थे। इसके बाद सोतीगंज में वाहन कटान दोबारा शुरू होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस इलाके में निगरानी और छापा मार रही है।
एसपी सिटी के निर्देश पर सीओ कैंट संजय गुप्ता, स्वॉट टीम शहर और सदर बाजार पुलिस बुधवार को सबसे पहले हाजी गल्ला की कोठी सोतीगंज पहुंची। यहां पर चेकिंग की गई। इसके बाद भूसा मंडी में उसके गोदाम पर पहुंची। जिसके बाद सोती गंज में चार ठिकानों पर और छापा मारा गया। फिर देहली गेट के पटेल नगर में भी हाजी गल्ला के ठिकाने पर छापा मारा गया। कुछ स्पेयर पार्ट्स मिले। जिस पर हाजी गल्ला ने जवाब दिया कि वह पंद्रह साल पुराने वाहनों का कटान नियमानुसार कर रहे हैं। एसपी सिटी ने बताया कि इनका तस्करा डाला गया है। लगातार इनकी निगरानी की जा रही है। आगे भी चेकिंग अभियान जारी रहेगा। इकबाल कबाड़ी के यहां भी छापा मारा जाएगा।
बंद हुआ था सोतीगंज में वाहनों का कटान
तत्कालीन एसएसपी प्रभाकर चौधरी के कार्यकाल में सोतीगंज में वाहनों का कटान बंद हुआ था। इस दौरान कबाड़ी हाजी गल्ला, इकबाल कबाड़ी समेत कई कबाड़ियों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट में कार्रवाई कर संपत्ति जब्तीकरण की कार्रवाई हुई थी। आरोपियों की हिस्ट्रीशीट खोली गई थी और गुंडा एक्ट के तहत कार्रवाई की गई थी।
-