मेरठ। हज यात्रा 21 मई से शुरू होगी। मेरठ जिले से 1191 लोगों ने आवेदन किए हैं। हज पर जाने वाले लोगों के लिए टीकाकरण कैंप 9 मई से 15 मई तक चलेंगे। नायब शहरकाजी जैनुर राशिद्दीन ने बताया 9 व 12 मई को फैज ए आम इंटर कॉलेज में पहला कैंप लगेगा। 13 मई को लिसाड़ी रोड मदरसा हुसैनिया और 15 मई को शाहपीर गेट मदरसा नुरूल इस्लाम में कैंप लगेगा। हज प्रशिक्षण की मुहर भी इन्हीं कैंपों में लगाई जाएंगी। हज प्रशिक्षक हाजी शिराज रहमान ने बताया शनिवार को हज की तीसरी किस्त भी जमा करने के निर्देश आ गए हैं। पहली किस्त 81800 रूपये, दूसरी किस्त 170000 रूपये जमा की गई। जबकि तीसरी किस्त 93067 रूपये जमा होगी। हाजियों को कुल 3 लाख 44 हजार 867 रूपये जमा करने होंगे। जबकि सऊदी की करेंसी हाजियों को अलग से लेनी होगी।