मुंडाली। मुंडाली थाना क्षेत्र के ग्रामीणों ने पुलिस द्वारा बेवजह परेशान करने एवं एक पक्षीय कार्रवाई करने के विरुद्ध पुलिस चौकी मऊखास पर रविवार को धरना दिया। एसओ मुंडाली के आश्वासन पर धरना समाप्त किया गया।
मेरठ-गढ मार्ग पर गांव मऊखास में मुंडाली थाने की पुलिस चौकी है। चौकी परिसर में ही सीओ किठौर रूपाली राय का कार्यालय भी है। जिला पंचायत सदस्य के पुत्र दुष्यंत तोमर ने बताया कि पिछले दिनों मऊखास में विशाल व इरफान आदि के बीच झगड़ा हो गया था, परंतु थाने पर ही क्षेत्र के गणमान्य लोगो ने फैसला करा दिया था। लेकिन फैसले के बावजूद इरफान की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा पंजीकृत कर दिया था। वहीं, विशाल की तहरीर पर मुकदमा दर्ज नहीं किया गया। धरना दे रहे लोगों का कहना है कि दोनों पक्षों के विरुद्ध कार्रवाई होनी चाहिए थी।
पुलिस चौकी पर धरना प्रदर्शन की सूचना पर थाना प्रभारी वीरेंद्र सिंह बिसारे उनके बीच पहुंचे और आश्वासन दिया कि कानून के दायरे में ही मुकदमा पंजीकृत किया गया है, उसमें एफआर लगाकर समाप्त कर दिया जाएगा। इसके बाद धरना समाप्त कर दिया गया। धरना देने वालों में रोबिन चौहान, आदित्य तोमर, प्रकाश, आकाश, विकास तोमर, अरविंद तोमर, अशोक चेयरमैन आदि रहे।