दौराला थाने से ड्यूटी कर बाइक से लौट रहे एक सिपाही को हाईवे पर अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे के बाद घायल सिपाही आधा घंटे तक तड़पता रहा, लेकिन कोई उसकी मदद करने नहीं आया। इस दौरान पीछे से आए एक सिपाही ने ही टोल की एंबुलेंस को बुलाकर उसे अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
देवबंद थाना क्षेत्र के गांव चंदना निवासी सुमित शर्मा दौराला थाने में सिपाही है। वह पल्लवपुरम में किराए पर कमरा लेकर रहता है। मंगलवार शाम सुमित ड्यूटी करने के बाद बाइक से लौट रहा था। हाईवे पर तुलसी होटल के सामने एक अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया और सड़क पर करीब आधे घंटे तक तड़पता रहा। इस दौरान वहां से गुजर रहे लोगों ने उसकी मदद करने की कोशिश तक नहीं की। कुछ लोग तो वहां खड़े होकर सिपाही को देखते रहे। वहां पहुंचे दौराला थाने के एक सिपाही सुमित ने टोल की एंबुलेंस मंगाकर घायल सिपाही को मोदीपुरम के एसडीएस ग्लोबल अस्पताल में भर्ती कराया। इसके बाद इंस्पेक्टर दौराला यशवीर सिंह, एसएसआई ब्रजेश चौहान समेत अन्य पुलिसकर्मी वहां पहुंच गए। वहीं अस्पताल से सिपाही को आनंद अस्पताल रेफर कर दिया। जहां देर रात सिपाही की मौत हो गई। वहीं इंस्पेक्टर दौराला यशवीर सिंह का कहना है कि फरार वाहन चालक की तलाश की जा रही है।
हेलमेट भी टूट गया
सिपाही सुमित शर्मा ने हेलमेट पहन रखा था। दुर्घटना के बाद उसका हेलमेट भी टूट गया। चिकित्सकों ने बताया कि बताया कि सिपाही के पैर की हड्डी टूटकर बाहर निकल गई और सिर मेें भी गंभीर चोट आई थी। ज्यादा खून बहने के कारण उसकी मौत हो गई। बताया गया कि आठ दिसंबर को सिपाही को लड़की देखने जाना था।