- गुरुजी 9433 ड्राॅप आउट बच्चों की दूर करेंगे पढ़ाई में कमजोरी
- इसके लिए मुख्यालय पर प्रशिक्षण में तैयार किए गए मास्टर ट्रेनर
- मास्टर ट्रेनर ब्लाॅक स्तर पर नोडल शिक्षकों को देंगे प्रशिक्षण
- नंबर गेम
- 9433 ड्राॅप आउट बच्चे
- 1550 स्कूलों में आयु संगत कक्षा में दिलाया प्रवेश
- 1550 करीब शिक्षकों को दिया जाएगा प्रशिक्षण
संवाद न्यूज एजेंसी
बिजनौर। परिषदीय स्कूल में पढ़ने वाले 9433 ड्राप आउट बच्चे भी अन्य सहपाठियों की तरह पढ़ाई में होशियार रहेंगे। इसके लिए जिला मुख्यालय पर मास्टर ट्रेनरों को प्रशिक्षण दिया गया है। ये मास्टर ट्रेनर ब्लाॅक स्तर पर नोडल शिक्षकों को प्रशिक्षण देंगे। वह नोडल शिक्षक हर स्कूल में एक-एक शिक्षक को ड्राॅप आउट बच्चों को पढ़ाने का प्रशिक्षण देंगे। प्रशिक्षित शिक्षक स्कूल में नामांकित बच्चों को अलग से पढ़ाकर अन्य सहपाठी की तरह होशियार बनाएंगे।
बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से हाउस होल्ड सर्वे कराया जाता है। सर्वे में शिक्षा से विमुख या किन्हीं कारण पढ़ाई बीच में छोड़ने वाले 14 वर्ष तक के बच्चों को चिन्हित किया जाता है। गत दिनों में हुए सर्वे में जनपद में 9433 ड्राॅप आउट बच्चों को जनपद के करीब 1550 स्कूलों में आयु संगत कक्षा में प्रवेश दिलाया। इन बच्चों को पढ़ाने के लिए शिक्षकों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
मास्टर ट्रेनर ब्लाॅक स्तर पर नोडल शिक्षकों को प्रशिक्षण देंगे। मास्टर ट्रेनर शिक्षकों को सीखने सिखाने की प्रक्रिया को रुचिकर, आनंददायी तरीके पढ़ाने की कला सिखाएंगे।
- मास्टर ट्रेनरों को दिया गया प्रशिक्षण
जिला समन्वयक लियाकत अली ने बताया कि मास्टर ट्रेनरों को पिछले सप्ताह राजकीय कन्या बेसिक प्राइमरी स्कूल तीन दिवसीय प्रशिक्षण दिया गया। बताया कि प्रशिक्षण में शिक्षकों को छह से 14 वर्ष वर्ग के बच्चों को रुचिकर पढ़ाने, खेल-खेल में याद कराने आदि गुर सिखाए गए। वह चयनित नोडल शिक्षकों को प्रशिक्षण देंगे।
- दूर होगी पढ़ाई में कमजोरी
परिषदीय स्कूलों में 9433 ड्राप आउट बच्चों को परिषदीय स्कूलों में प्रवेश दिला दिया गया है। परंतु प्रारंभिक शिक्षा कमजोर है। इसलिए इन्हें अलग से एक घंटा ज्यादा देकर उन्हें पढ़ाया जाएगा। ताकि ये बच्चे भी अन्य की तरह पढ़ाई में होशियार हो जाएं। - जयकरन यादव, बीएसए