माननगर गांव में दो किसानों पर गुलदार ने किया हमला
अफजलगढ़। गांव माननगर के जंगल में गुलदार ने खेतों में काम कर रहे दो किसानों पर हमला कर दिया। दोनों ने खेतों से भागकर जान बचाई। उधर, वन विभाग के दरोगा ने कहा कि उच्च अधिकारियों के निर्देश पर पिंजरा लगवा दिया जाएगा।
गांव माननगर निवासी दीपक कुमार व बिट्टू सिंह शनिवार शाम माननगर के नवादा हकीमपुर गोपाल स्थित अपने खेत पर देर शाम करीब साढ़े आठ बजे गेहूं की गहाई करने के लिए पूली को जमा कर रहे थे। अचानक समीप के गन्ने के खेतों से निकलकर गुलदार ने दोनों पर छलांग लगा दी। दोनों किसानों ने खेतों से भागकर शोर मचा दिया। गेहूं की गहाई कर रहे अन्य किसान अनिल कुमार जयसिंह संजय कुमार आदि हाथों में डंडे लेकर मौके की ओर पहुंचे। गुलदार को जंगल की ओर खदेड़ दिया। इस दौरान किसान बिट्टू के साथ गए पालतू कुत्ते को गुलदार उठा ले गया। किसानों ने बताया कि इससे पहले भी कई बार इसी जंगल में गुलदार को कई बार देखा गया है। किसानों ने वन विभाग की टीम से जंगल में पिंजरा लगवाकर गुलदार को पकड़ने की मांग की है। उधर, वन विभाग के दरोगा श्यामलाल यादव ने कहा कि उच्च अधिकारियों के निर्देश पर पिंजरा लगवा दिया जाएगा।