विजय मर्चेंट ट्रॉफी में सोमवार से उत्तर प्रदेश और गुजरात के बीच मैच की शुरूआत हुई। मैच में गुजरात की टीम को पहली पारी में यूपी ने मात्र 103 रन पर ऑल आउट कर दिया। इसमें यूपी की ओर से मेरठ के पृथ्वीराज सिंह ने शानदार गेंदबाजी की और पांच विकेट प्राप्त किए। इससे पहले भी वह इस ट्रॉफी में शानदार गेंदबाजी करते आ रहे हैं।
पृथ्वीराज ने मैच में कुल 14.3 ओवर गेंदबाजी की और मात्र 41 रन दिए। इसमें उन्होंने चार मेडन ओवर और 68 डॉट बाल डालीं। पृथ्वीराज की गेंदबाजी के चलते यूपी की टीम ने पहली पारी में पहले दिन का खेल खत्म होने तक 15 रन की बढ़त बनाई।
पृथ्वीराज मेरठ के गांधी बाग क्रिकेट मैदान में कोच तनकीब अख्तर से प्रशिक्षण ले रहे हैं। यहां से लगातार खिलाड़ी अंडर-16, अंडर-19 और अंडर-23 समेत सीनियर वर्ग में भी यूपी टीम में जगह बनाकर मेरठ का नाम रोशन कर रहे हैं।