मेरठ। टैक्स चोरी के मामले में जीएसटी ने खैरनगर स्थित गूलर वाली गली में आरके प्रिंटर्स के मालिक रिजवान के घर पर जीएसटी की टीम ने जांच और सर्वे किया। इससे अफरातफरी मच गई। बताया जा रहा है कि खाते से लाखों रुपये के लेनदेन को लेकर यह पड़ताल की गई।
जीएसटी के अधिकारियों ने बृहस्पतिवार रात को देहली गेट थाना प्रभारी रमेश चंद्र शर्मा से संपर्क किया। उन्होंने बताया कि टैक्स चोरी के प्रकरण में वह जीएसटी की टीम जांच कर रही है। ऐसे में कागजातों की पड़ताल करने के लिए खैरनगर गूलर वाली गली में जाना है। इसके लिए पुलिस मुहैया कराई जाए। पुलिस फोर्स के साथ जीएसटी की टीम रिजवान के मकान पर पहुंची। रिजवान से बातचीत की। रिजवान के खाते में फैसल नाम के युवक से लेन देन हुआ है। फैसल का खाता भी चेक किया जा रहा है। रमेश चंद्र शर्मा ने बताया कि टीम ने आधी रात तक कागजात खंगाले है। वह खातों की पूरी जानकारी और जीएसटी नंबर पर किए गए लेन-देन से मिलान कर रही है।