बेहट। जीएसटी की टीम ने मंगलवार को कस्बे में दिल्ली-यमुनोत्री हाईवे किनारे स्थित सरिया सीमेंट व्यापारी के प्रतिष्ठान पर पहुंचकर सर्वे की कार्यवाही शुरू की। देर शाम तक सर्वे चल रहा था। इस दौरान व्यापारियों में हड़कंप की स्थिति बनी रही। इस दौरान कुछ व्यापारी अपने प्रतिष्ठान भी बंद कर इधर उधर हो गए।
जैसे ही दोपहर में करीब ढाई बजे अचानक जीएसटी की टीम कस्बे में पहुंची तो व्यापारियों में हड़कंप मच गया। टीम कोतवाली के पास हाईवे किनारे स्थित एक सरिया सीमेंट व्यापारी के प्रतिष्ठान पर पहुंची और सर्वे शुरू कर दिया। टीम में शामिल तीन अधिकारियों ने व्यापारी के कारोबार से संबंधित लेनदेन के सभी बिल व अन्य कागजात लेकर मौके पर ही जांच शुरू कर दी। देर शाम तक टीम के सभी सदस्य दुकान पर रिकॉर्ड खंगालने में जुटे थे।