मेरठ बुलियन ट्रेडर्स एसोसिएशन की ओर से सोमवार को बीआईटी ग्लोबल स्कूल में उत्तर प्रदेश सर्राफा मिलन समारोह आयोजित किया। इसमें 2016 से प्रस्तावित गुड्स सर्विस टैक्स (जीएसटी) और सुरक्षा का मुद्दा गूंजा। कारोबारियों ने जीएसटी में वैट की दरें बढ़ने पर आंदोलन की चेतावनी दी। साथ ही प्रदेश सरकार से कारोबारियों की सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता करने की मांग उठाई।
उत्तर प्रदेश सर्राफा एसोसिएशन के अध्यक्ष महेश चंद जैन ने वैट के लक्ष्य को बढ़ाकर 31 फीसदी करने, सीज सोने पर 40 फीसदी सिक्योरिटी लेने और कारोबारियों का उत्पीड़न करने का मामला उठाया। उन्होंने कहा कि यूपीए सरकार ने एक लाख रुपये की खरीद पर पैन कार्ड की अनिवार्यता कर दी थी। देश भर के सर्राफा कारोबारियों ने पैन कार्ड की अनिवार्यता को खत्म कराने की लड़ाई लड़ी।
यूपी के कारोबारियों ने रिकार्ड 22 दिन तक बाजार बंद रखा और काले कानून को हटवाकर ही दम लिया। जैन ने कहा कि बुलियन पर 10 फीसदी कस्टम ड्यूटी और जेवर पर एक फीसदी वैट लग रहा है। कुल ग्यारह फीसदी टैक्स सर्राफा से लिया जा रहा है, जो गलत है। सन् 2002 में मात्र 100 रुपये कस्टम ड्यूटी थी। टैक्स बढ़ाने से राजस्व नहीं बढ़ता, बल्कि टैक्स की चोरी बढ़ती है। कहा कि देश में 150 टन सोना स्मगलिंग के रास्ते आ रहा है।
सरकार को ऐसा रास्ता निकालना पड़ेगा जो सभी के लिए सही हो। उन्होंने कहा कि लॉ एंड आर्डर की इतनी खराब स्थिति है कि बड़े-बड़े शहरों में दिनदहाड़े व्यापारियों को लूटा जा रहा है। चार दिन पहले कानपुर में सर्राफा व्यवसायी से दस किलो सोना लूट लिया गया। इससे व्यापारियों में भय व्याप्त है। कारोबार बचाने के लिए सरकार को न केवल सुरक्षा देनी होगी, बल्कि इसके कुटीर उद्योग का दर्जा भी देना होगा।
समारोह में प्रदेश महासचिव रवींद्र नाथ रस्तोगी, संयुक्त मंत्री अजय गर्ग, कोषाध्यक्ष रामनाथ महेंद्र, एमबीटीए के संरक्षक ओमप्रकाश सर्राफ, अध्यक्ष रवि प्रकाश अग्रवाल, महामंत्री सर्वेश कुमार सर्राफ, संयोजक राजेंद्र कुमार जैन, सहसंयोजक विपिन कुमार अग्रवाल, कोषाध्यक्ष रामकिशोर सर्राफ, विजय गोयल, विवेक शेखर, विजय आनंद, संदीप अग्रवाल, अशोक कुमार रस्तोगी, सर्राफा व्यापार एसोसिएशन के महामंत्री दिनेश रस्तोगी मौजूद रहे।
सरकार के सामने उठाऊंगा आवाज : सुरेंद्र मोहन
सर्राफा व्यवसायियों की मांग सुनने के बाद उत्तर प्रदेश राज्य वाणिज्य सलाहकार समिति के चेयरमैन सुरेंद्र मोहन अग्रवाल ने कहा कि प्रदेश सरकार ने जितना काम व्यापारियों के पक्ष में किया है, आज तक किसी सरकार ने नहीं किया। 2006 में तत्कालीन मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव ने ही सर्राफा कारोबारियों को लाइसेंस लेेने में प्रक्रिया को सरल किया था। पुलिस उत्पीड़न से बचाने के लिए कारोबारियों को विशेष कार्ड उपलब्ध कराए थे। जो भी अधिकारी गलत टैक्स वसूली करके उत्पीड़न करे उसका नाम बताए। उस पर तुरंत कार्रवाई होगी।
‘विभागों से रखें मधुर संबंध’
सुरेंद्र मोहन ने कहा कि जीएसटी को लेकर सब व्यापारी खुश हो रहे हैं कि सब ठीक हो जाएग। लेकिन अभी तक सब भ्रांति में जी रहे हैं। जीएसटी में सिंगल नहीं, ड्यूअल कंट्रोल होगा। इसलिए व्यापारी दूसरे विभागों से भी मधुर संबंध रखें।
सांसद ने भी दिया आश्वासन
सांसद राजेंद्र अग्रवाल ने भी केंद्रीय स्तर पर सर्राफा व्यवसायियों की मांगों को उठाने का आश्वासन दिया। सांसद ने कहा कि प्रदेश के सर्राफा व्यवसायियों ने मेहनत के दम पर देश में नाम रोशन किया है।
कलराज मिश्र का दौरा रद
समारोह में केंद्रीय सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योग मंत्री कलराज मिश्र को बतौर मुख्य अतिथि भाग लेना था। लेकिन उनका कार्यक्रम रद हो गया। कार्यक्रम से निकलकर दिल्ली गए सांसद राजेंद्र अग्रवाल ने फोन से इसकी जानकारी दी।
बिगडे लॉ एंड आर्डर के सवाल पर उखड़े चेयरमैन
राज्य वाणिज्य सलाहकार समिति के चेयरमैन सुरेंद्र मोहन अग्रवाल जब सर्राफा कारोबारियों द्वारा उठाई गई मांगों पर बोल रहे थे तो उसी समय व्यापारियों ने खराब कानून व्यवस्था का मुद्दा उठा दिया। लखनऊ से आए विनोद माहेश्वरी ने प्रदेश सरकार पर हमला बोल दिया। इस पर सुरेंद्र मोहन अग्रवाल भड़क गए। उन्होंने कहा कि ये इस तरह की बात करने का मंच नहीं है। व्यापारियों के हित में जितना सपा सरकार ने किया है उतना आज तक किसी भी सरकार ने नहीं किया।