-दुकान के पास लगे सीसीटीवी में दो चोर कैद
संवाद न्यूज एजेंसी
कंकरखेड़ा। सरधना रोड स्थित डिफेंस एंक्लेव गेट के पास गोयल ब्रदर्स की किराना स्टोर पर रविवार रात चोरों ने चोरी कर ली। दो चोर दुकान के पास लगे सीसीटीवी में कैद हो गए। सोमवार सुबह दुकान पर पहुंचे तो दुकानदार महेश गोयल को चोरी की जानकारी हुई। चोरों ने दुकान से कई लाख रुपये कीमत का सामान चोरी कर लिया। पुलिस मामले की जांच में लग गई।
डिफेंस एंक्लेव निवासी महेश गोयल ने बताया कि उनकी गोयल ब्रदर्स से किराना स्टोर डिफेंस एंक्लेव गेट के पास है। दुकान के ऊपर उन्होंने स्टोर बना रखा है। सोमवार को दुकान बंद थी। शाम को वह दुकान पर गए। यहां उन्होंने देखा की स्टोर की खिड़की के सरिये कटे हुए थे। दुकान खोलकर अंदर पहुंचे तो सामान बिखरा पड़ा था। दुकान से ड्राईफ्रूट, दाल, रजनीगंधा से भरे थैले व नकदी गायब थी। चोर दुकान का डीवीआर भी ले गए।
पीड़ित दुकानदार ने आसपास के कैमरों की फुटेज खंगाली तो उसमें दो चोर कमर पर बोरों को लादकर ले जाते दिखाई दे रहे हैं। सीओ दौराला प्रकाशचंद्र अग्रवाल का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों की पहचान का प्रयास किया जा रहा है। जल्द चोरों को पकड़ लिया जाएगा। तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।