मेरठ में 86 केंद्रों पर आयोजित साक्षरता परीक्षा में शामिल बुजुर्ग। स्रोत : शिक्षा विभाग।
साक्षरता एवं वैकल्पिक शिक्षा निदेशालय की ओर से 86 परीक्षा केंद्रों पर हुआ आयोजन
संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। साक्षरता एवं वैकल्पिक शिक्षा निदेशालय उत्तर प्रदेश लखनऊ द्वारा रविवार को मेरठ में 86 परीक्षा केंद्रों पर साक्षरता परीक्षा आयोजित की गई। जिला साक्षरता मिशन प्राधिकरण की सचिव आशा चौधरी के निर्देशन में नवभारत साक्षरता प्राथमिक व कंपोजिट विद्यालयों में परीक्षा केंद्र बनाए गए।
जिला समन्वय लक्ष्मण सिंह के अनुसार, परीक्षा के लिए तीन घंटे का समय निर्धारित था और परीक्षा दो पालियों में हुई। इस परीक्षा में दादी-नानी की उम्र की महिलाओं ने पोते-पोतियों की उम्र के बच्चों के साथ साक्षरता परीक्षा दी। प्राथमिक पाठशाला फिटकरी मवाना में सबसे अधिक 101 वर्ष की जगवती ने परीक्षा दी। कंपोजिट विद्यालय दुर्वेशपुर परीक्षितगढ़ में 84 वर्ष की अतरो, 73 वर्ष की सूरजवती परीक्षा में शामिल हुई। परीक्षा में कुल 3390 परीक्षार्थियों ने भाग लिया। इसमें 15 वर्ष की आयु से अधिक के किशोर, युवा और बुजुर्ग शामिल हुए। खंड शिक्षा अधिकारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों के परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। साक्षरता मिशन प्राधिकरण की सचिव आशा चौधरी ने कहा कि इस प्रकार के मिशन से ही साक्षरता का उजियारा फैल रहा है।
मेरठ में 86 केंद्रों पर आयोजित साक्षरता परीक्षा में शामिल बुजुर्ग। स्रोत : शिक्षा विभाग।