मंडप एसोसिएशन के पदाधिकारियों के अनुसार हाल ही में बाईपास स्थित मंडप में हुए एक सराफ के विवाह समारोह में डेकोरेशन में एक करोड़ रुपये से अधिक खर्च हुआ। विवाह स्थल को देशी और विदेशी फूलों व लाइटिंग से सजाया गया। इसमें स्टेज कलाकारों ने गीत और नृत्य की प्रस्तुति दी।
इवेंट मैनेजर ने टीम के साथ सारी व्यवस्थाएं संभालीं। मंडप एसोसिएशन के महामंत्री विपुल सिंघल ने बताया कि कुछ लोग सजावट के साथ इवेंट का आयोजन कर विवाह समारोह को खास बना रहे हैं। वे इसके लिए दिल खोलकर पैसा खर्च कर रहे हैं। कुछ समारोह में स्टार नाइट भी होंगी। इसमें टीवी कलाकार, कॉमेडियन, रशियन डांसर्स को भी प्रस्तुति देने के लिए बुलाया जा रहा है।
दो दिन में होंगे 1200 विवाह और मांगलिक आयोजन
देवोत्थान पर शहर में एक नवंबर और दो नवंबर को विवाह और अन्य मांगलिक आयोजन होंगे। विपुल सिंघल ने बताया कि इस बार एक नवंबर को 550 और दो नवंबर को 650 विवाह समारोह आयोजित किए जाएंगे। बड़े विवाह समारोह परतापुर और कंकरखेड़ा बाईपास के बीच स्थित मंडपों में होंगे। कुछ आयोजनों का खर्च 50 लाख से दो करोड़ रुपये तक होगा।
विवाह समारोह में होगा फैशन शो
इवेंट ऑर्गेनाइजर अंशुल सिंघल ने बताया कि पुराना ट्रेंड वापस लौट रहा है। अब मंदिरों में फेरे और मंडप में रिसेप्शन आयोजित किए जा रहे हैं। पुरानी परंपरा के अनुसार देवी-देवताओं के सामने विवाह आयोजन दिन में करने की तैयारी की जा रही है। कन्यादान के बाद विदाई होगी। कुछ विवाह आयोजनों में इस बार फैशन शो का भी आयोजन होगा।