केंद्रीय विद्यालयों में 11वीं के छात्रों को अब मनचाही स्ट्रीम नहीं मिल सकेगी। 10वीं में मिले ग्रेड और सीजीपीए दोनों के आधार पर ही स्ट्रीम मिलेगी। अभी तक केंद्रीय विद्यालयों में मेरिट के आधार पर छात्रों को स्ट्रीम आवंटित की जाती थी। केवी और नॉन केवी दोनों ही छात्रों पर यह नियम लागू होता था।
लेकिन केंद्रीय विद्यालय संगठन ने नए शैक्षणिक सत्र 2016-17 से यह नियम बदल दिया है। शहर के तीनों केंद्रीय विद्यालयों सहित देश के सभी केंद्रीय विद्यालयों में नया नियम लागू करने का आदेश जारी हो चुका है। शहर में केवी सिख लाइंस, केवी पंजाब लाइंस और केवी डोगरा लाइंस तीनों विद्यालयों में 11वीं कक्षा में सभी स्ट्रीम में लगभग 500 सीटें हैं। जिन पर छात्र नए पैटर्न से प्रवेश लेंगे।
नए नियम के मानक
केंद्रीय विद्यालय से 10वीं की परीक्षा देने के बाद अगर छात्र 11वीं कक्षा में मैथ्स के साथ साइंस स्ट्रीम लेने के लिए आवेदन करेगा तो उसके पास 7.6 सीजीपीए के साथ बी वन ग्रेड दोनों विषयों में होना चाहिए।
. मैथ्स में न्यूनतम बी वन ग्रेड
. साइंस में न्यूनतम बी वन ग्रेड
. न्यूनतम 7.6 सीजीपीए
विदाउट मैथ्स साइंस स्ट्रीम
केंद्रीय विद्यालय से 10वीं की परीक्षा देने के बाद अगर छात्र 11वीं कक्षा में मैथ्स के बिना साइंस स्ट्रीम लेने के लिए आवेदन करेगा तो उसके पास 7.6 सीजीपीए के साथ साइंस विषय में 10वीं कक्षा की बोर्ड परीक्षा में बी वन ग्रेड होना चाहिए।
. साइंस में बी वन ग्रेड व 7.6 सीजीपीए
कॉमर्स स्ट्रीम
केंद्रीय विद्यालय से 10वीं की परीक्षा देने के बाद अगर छात्र 11वीं कक्षा में मैथ्स के साथ कॉमर्स स्ट्रीम लेने के लिए आवेदन करेगा तो उसके पास न्यूनतम 6.4 सीजीपीए के साथ गणित में बी वन ग्रेड होना चाहिए। केवल कॉमर्स में प्रवेश के लिए 10वीं कक्षा में न्यूनतम सीजीपीए 6.4 होना जरूरी है।
. न्यूनतम 6.4 सीजीपीए
. कॉमर्स के साथ मैथ्स लेने पर गणित में बी वन ग्रेड होना जरूरी
नॉन केवी के लिए 8.0 सीजीपीए जरूरी
नॉन केवी छात्र अगर पहली बार केंद्रीय विद्यालय में 11वीं कक्षा में प्रवेश ले रहे हैं तो 11वीं कक्षा में साइंस और कॉमर्स स्ट्रीम लेने के लिए 10वीं कक्षा में उनका न्यूनतम सीजीपीए 8.0 होना जरूरी है। ह्यमेनिटीज़ में प्रवेश के लिए 6.4 सीजीपीए होना चाहिए।
रिजल्ट सुधारने के लिए उठाया कदम
केंद्रीय विद्यालयों में कुछ साल पहले तक स्ट्रीम चयन के लिए सीजीपीए पैटर्न ही लागू था, बीच में संगठन ने यह नियम कटऑफ बेस्ड कर दिया था। कटऑफ बेस्ड सिस्टम के कारण शौकिया छात्र भी मैैथ्स और साइंस जैसी स्ट्रीम में प्रवेश लेने लगे। जिससे रिजल्ट पर बुरा असर पड़ा, साथ ही छात्रों ने पढ़ाई में रुचि नहीं दिखाई। इसे देखते हुए संगठन ने इस वर्ष से पुन: सीजीपीए पैटर्न लागू कर दिया है।
वर्जन
के वी में पहले कटऑफ बेस्ड पैटर्न था, अब सीजीपीए बेस्ड कर दिया है। साइंस स्ट्रीम को ध्यान में रखकर संगठन ने यह निर्णय लिया है। शौकिया छात्र बाहर जाएं केवल पढ़ाई वाले छात्र ही उस स्ट्रीम में जाएं। इस साल से यही पैटर्न होगा। - डॉ. दिवाकर सिंह, प्रिंसिपल केंद्रीय विद्यालय सिख लाइंस
केवी में आज से होंगे रजिस्ट्रेशन
4 अप्रैल से सभी स्कूलों में नया शिक्षण सत्र शुरू हो रहा है। सोफिया स्कूल में नर्सरी कक्षा में प्रवेश लेने वाली छात्राओं की फीस जमा होगी। कें द्रीय विद्यालयों में आज से कक्षा दो से लेकर 9वीं व 11वीं कक्षा में प्रवेश के लिए ऑनलाइन व ऑफलाइन पंजीयन 4 अप्रैल से स्कूल में प्रारंभ हो रहा है।
शहर के तीनों केंद्रीय विद्यालयों में आकर छात्र पंजीयन करा सकते हैं। स्कूलों में पंजीयन संबंधी सभी नियमों का नोटिस भी लगा दिया है। सेंट मेरीज एकेडमी में पहली कक्षा में प्रवेश पाने वाले छात्रों की फीस 6 अप्रैल से जमा होगी। अभिभावकों को मॉल रोड स्थित यूनियन बैंक में सुबह 10 बजे से फीस जमा कराने का टाइम दिया है। पंजीयन के अनुसार ही फीस जमा करानी होगी। जमा फीस की स्लिप लेकर इसे कागजातों के साथ स्कूल में जमा कराना होगा तभी प्रवेश मिलेगा।