परीक्षितगढ़। कम ब्याज पर रुपये देने करने वाली फाइनेंस कम्पनी से 11 महिलाओं के कागजात जमाकर दस लाख 17 हजार रुपये हड़पने का मामला सामने आया है। पीड़ित महिलाओं ने एक महिला सहित चार लोगों को नामजद करते हुए तहरीर दी। उन्होंने बताया कि कंपनी के कर्मचारी उन पर किस्त जमा कराने के लिए दबाव बनाकर उत्पीड़न कर रहे हैं।
नगर व देहात क्षेत्र में मवाना बस स्टैंड पर स्थित भारत लिमिटेड माइक्रो फाइनेंस कंपनी कई साल से गरीब महिलाओं का समूह बनाकर उन्हें कम ब्याज पर रुपये देने का काम कर रही है और किश्तों पर रुपये वापस वसूले जाते हैं। देर रात आधा दर्जन महिलाओं ने थाने में दी तहरीर में बताया कि समूह की एक महिला सहित चार लोगों ने कंपनी से साठ-गांठकर 11 महिलाओं के आधार कार्ड और अन्य दस्तावेज जमाकर करीब दस लाख रुपये निकलवा लिए और फरार हो गए। पीड़ितों में सीमा 40 हजार, संतोष 83 हजार, बॉबी 88 हजार, ज्योति 55 हजार, सुनीता 90 हजार, सुमरती डेढ़ लाख, उर्मिला व ममता 1.45 लाख, उषा 80 हजार, मोना 1.16 लाख, बाला 1.10 लाख और बेबी के नाम पर 60 हजार रुपये निकलवा लिए गए। अब कंपनी के कर्मचारी रुपये वापस करने के लिए उनके घर पहुंचकर उत्पीड़न करते हैं। उन्होंने आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई करने की मांग की।