नहटौर। चौधरी अजीत सिंह मेमोरियल वॉलीबाल ग्रांउड का उद्घाटन करने पहुंचे केंद्रीय राज्यमंत्री चौधरी जयंत सिंह ने कहा कि सरकार शिक्षा और कौशल विकास पर काम कर रही है, ताकि युवाओं को रोजगार के बेहतर विकल्प मिल सकें। युवाओं के पास रोजगार होगा तो देश का विकास होगा।
शनिवार को राष्ट्रीय लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी जयंत सिंह के नहटौर पहुंचने पर पुष्प मालाएं पहनाकर स्वागत किया। इसके बाद उन्होंने चौधरी अजीत सिंह मेमोरियल वॉलीबाल ग्रांउड का फीता काटकर उद्घाटन किया। जनसभा में चौधरी जयंत सिंह ने कहा कि आज युवा खेलों में अपना कॅरिअर बना रहे हैं। इस ग्राउंड से भी ऐसे युवा निकलेंगे, जो देश दुनिया में क्षेत्र का नाम रोशन करेंगे।
विज्ञापन
उन्होंने कहा कि युवा सरकार की प्राथमिकता में हैं। सरकार युवाओं को शिक्षा और कौशल विकास के माध्यम से आत्मनिर्भर बनाना चाहती है। कहा कि सरकार ने बिजनौर में केन्द्रीय विद्यालय की स्थापना का फैसला लिया है। इस विद्यालय में 560 छात्र-छात्राओं को शिक्षा प्राप्त करने का मौका मिलेगा। साथ ही शिक्षक और स्टाफ के रूप में काम करने वाले लोगों को रोजगार मिलेगा।
उन्होंने कहा कि केंद्रीय और नवोदय विद्यालयों में शिक्षा का स्तर प्राइवेट स्कूलों से बेहतर होता है। आंकड़े बताते हैं कि केन्द्रीय विद्यालयों में शिक्षा प्राप्त करने वाले युवा प्रतियोगी परीक्षाओं में बेहतर प्रदर्शन करते हैं।