सहारनपुर में नारेबाजी कर डीएम कार्यालय पर ज्ञापन देने जाते रालोद कार्यकर्ता
सहारनपुर। मौजूदा पेराई सत्र के लिए गन्ना मूल्य 400 रुपये प्रति क्विंटल घोषित करने सहित अन्य मांगों को लेकर राष्ट्रीय लोकदल के कार्यकर्ताओं ने कलक्ट्रेट में नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। उन्होंने राज्यपाल के नाम ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट गजेंद्र कुमार को सौंपा।
मंगलवार को सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपे ज्ञापन में उन्होंने कहा कि प्रदेश में असंतुलित वर्षा और प्राकृतिक प्रकोप से फसलों को भारी नुकसान पहुंचा है। इसके चलते किसानों की आर्थिक स्थिति बदहाल हो गई है। रही सही कसर फसलों के लाभकारी मूल्य नहीं मिलने ने पूरी कर दी है। उन्होंने राज्यपाल को भेजे ज्ञापन में गन्ना मूल्य 400 रुपये प्रति क्विंटल घोषित करने, आलू, धान सहित अन्य फसलों का लाभकारी मूल्य तय कर एमएसपी पर खरीद गारंटी कानून बनाने और फसलों के लिए किसानों को बिजली निशुल्क दिलाने की मांग की।
उन्होंने कहा कि प्रदेश के कई जनपदों में पानी के अभाव में धान की फसल सूख गई थी, सरकार इसका सर्वे कराकर पीड़ित किसानों को राहत राशि प्रदान करे। इस दौरान प्रदेश महासचिव चौधरी धीर सिंह, जिलाध्यक्ष राव कैसर, महानगर अध्यक्ष भूषण चौहान, नासिर खान, गजेंद्र सिंह, अरहान अली, जसमेर सिंह प्रधान, नीरज कुमार, माज अली खान आदि मौजूद रहे।