सरकारी स्कूल पर कर लिया कब्जा, डीएम को भेजी गलत रिपोर्ट
हापुड़ अड्डा से सटे भगत सिंह मार्केट में प्राथमिक विद्यालय का मामला
माई सिटी रिपोर्टर
मेरठ।
भगत सिंह मार्केट में स्थानीय दुकानदारों ने सरकारी स्कूल की जमीन पर लोहे के जाल लगाकर कब्जा कर लिया है। दुकानदारों ने यहां बेचने के लिए कपड़े व अन्य सामान भी रख दिया है। लोकेश खुराना ने आइजीआरएस पोर्टल पर विद्यालय के फोटो के साथ शिकायत की तो मामला डीएम तक पहुंचा। उन्होंने बेसिक शिक्षा विभाग के अधिकारियों से रिपोर्ट मांगी। इस पर नगर शिक्षाधिकारी एसके गिरी ने 28 दिसंबर को भेजी रिपोर्ट में कहा कि स्कूल का हर माह निरीक्षण किया जा रहा है। विद्यालय भवन पर स्थानीय व्यापारियों और दुकानदारों द्वारा सामान रखकर गोदाम नहीं बनाया गया है। न ही कोई अवैध कब्जा है।
लोकेश खुराना ने पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराते हुए फोटो भी पोस्ट किया था। इसमें कहा था कि भगत सिंह मार्केट में प्राथमिक विद्यालय बैलून सोहराब गेट संचालित है। यहां कुछ लोगों ने अवैध तरीके से गोदाम बनाकर कब्जा कर लिया है। बेसिक शिक्षा विभाग के अधिकारी इस पर कोई कार्रवाई नहीं कर रहे हैं। डीएम के. बालाजी को भेजी रिपोर्ट में नगर शिक्षाधिकारी ने गुमराह किया है।
वर्जन============
पूर्व में यहां अवैध कब्जे का मामला सामने आया था। उसे हटवा दिया गया था। फिलहाल स्कूल के सामने कब्जे का कोई मामला संज्ञान में नहीं है। जो शिकायत की गई है, उसको लेकर जांच कराई जा रही है। -सतेंद्र ढाका, बीएसए