मवाना स्थित प्राथमिक स्कूल में आए दिन शादियां के खाने का इंतजाम होने के कारण अवकाश रहता है। इससे यह स्कूल की जगह बारातघर बनकर रह गई है। शिकायत के बाद भी विभागीय अधिकारी ध्यान देने के लिए तैयार नहीं है। बुधवार को डीएम ने मामला संज्ञान में आने पर एसडीएम मवाना को जांच सौंपते हुए आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने का आदेश दिया।
तहसील से करीब 100 मीटर की दूरी पर ही सरकारी प्राथमिक स्कूल है। इस स्कूल के बगल में नगर पालिका का सामुदायिक केंद्र है। नगर पालिका द्वारा केंद्र के अंदर से एक दरवाजा स्कूल परिसर में खोला हुआ है। जब भी सामुदायिक केंद्र में किसी बारात के ठहरने की व्यवस्था होती है, तो उसका खाना इसी प्राथमिक स्कूल में होता है। मंगलवार को भी ऐसी ही एक शादी इस स्कूल में हुई और बच्चों का अवकाश कर दिया गया। स्कूल परिसर में भट्टी चल रही थी। इन सबके बीच स्कूल हेड मास्टर अपना काम निपटा रहे थे।
शिकायत के बाद भी नहीं हुआ समाधान
स्कूल के प्रधानाध्यापक नफीस अहमद ने बताया कि वह कई बार बीएसए को लिखित शिकायत कर चुके हैं। लेकिन आज तक इस तरफ कोई ठोस कार्रवाई उनकी तरफ से नहीं हुई। तीन साल पहले थाने में सूचना देकर एक शादी रुकवायी थी, लेकिन बाद में लोगों ने धमकी दी। इसलिए वह अब शिकायत नहीं करते हैं।
दोषियों पर होगी एफआईआर
डीएम बी. चंद्रकला ने कहा कि स्कूल परिसर में कोई भी निजी गतिविधि या समारोह नहीं हो सकता। इस मामले में एसडीएम मवाना को जांच दी गई है। दोषियों के खिलाफ एफआईआर कराने का आदेश भी दिया है।