मवाना/सरधना/परीक्षितगढ़/बहसूमा/माछरा/हस्तिनापुर। दीपावली के दूसरे दिन शनिवार को नगर व देहात क्षेत्र में गोवर्धन पर्व बड़े धूमधाम एवं उल्लास के साथ मनाया गया। नगरवासियों व ग्रामीणों ने अपने घरों में आस्था के साथ गाय के गोबर से गिरिराज गोवर्धन की आकृति बनाकर विधिविधान से पूजा की। घर समेत मंदिरों में भी पूजा-अर्चना की गई। जहां गाय का गोबर उपलब्ध नहीं था, वहां लोगों ने रंगों से भगवान की आकृति बनाकर उनकी पूजा की।
गोवर्धन पूजा के दिन भक्तों ने भगवान गोवर्धन को अन्नकूट का भोग लगाया। कई मंदिरों में भी भक्तों ने सामूहिक रूप से भगवान गोवर्धन की पूजा की। जबकि गांवों में समूह बनाकर लोगों ने एक-दूसरे के घर जाकर गोवर्धन की पूजा की।
गोवर्धन पूजा के बारे में बताया कि देवराज इंद्र का घमंड तोड़ने के लिए श्रीकृष्ण ने इंद्र की पूजा करने की बजाय गोवर्धन पर्वत की पूजा करने के लिए ग्रामीणों को प्रेरित किया। जब इंद्र को इस बात का पता चला तो उन्होंने पूरे गोकुल गांव को नष्ट करने व कृष्ण को अपनी शक्तियों का परिचय देने के लिए भारी बारिश करा दी। गांव में हाहाकार मच गया। तब भगवान श्रीकृष्ण ने गोवर्धन पर्वत को अपनी अंगुली पर उठा लिया और ग्रामीणों की रक्षा की। सात दिन तक लगातार इंद्र ने अपना कहर बरपाया, लेकिन किसी भी ग्रामीण को क्षति नहीं पहुंची। तब से भगवान श्रीकृष्ण को गोवर्धन के नाम से भी जाना जाता है। किसानों ने अपने कृषि यंत्र हल, फावडा, दरांती व गन्ना आदि रखकर पूजा की।
विधिविधान से की बाबा गोवर्धन की पूजा
दौराला/लावड़। दौराला और लावड़ क्षेत्र में विधिविधान से बाबा गोवर्धन का पूजन किया गया। किसानों ने गन्ने आदि फसल की पूजा भी की। बच्चों ने आतिशबाजी की। दौराला में पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य शीलू चौधरी ने पूजन के बाद बच्चों को गोवर्धन पूजा के बारे में जानकारी दी। खरदौनी गांव में समिति संगठन के अध्यक्ष ने भी पूजा-अर्चना कर बच्चों को गोवर्धन पूजा का महत्व बताया। संवाद
वृहद गो संरक्षण केंद्र उकसिया में गोवर्धन पूजा
रोहटा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश के अनुसार वृहद गो संरक्षण केंद्र उकसिया में गोवर्धन पूजा एवं गो माता पूजन का आयोजन विधिविधान के साथ किया गया। मुख्य अतिथि रोहटा ब्लॉक प्रमुख रेखा देवी उपस्थित रही। उपस्थित अधिकारियों व गणमान्य व्यक्तियों द्वारा गोवर्धन पूजा के बाद गो माता का पूजन किया गया तथा गाे माता को प्रसाद व चारा खिलाया गया। कार्यक्रम को राजस्व विभाग एवं पशुपालन विभाग द्वारा आयोजित किया गया। इस मौके पर पशु चिकित्सा अधिकारी रोहटा डॉ. रिंकू नारायण, विपिन कुमार, प्रताप सिंह, अरविंद कुमार, देवेंद्र कुमार, कपिल प्रधान मौजूद रहे।