मुजफ्फरनगर। प्रदेश सरकार के कार्यकाल का एक साल पूरा हो गया है। घोषणा पत्र में किए गए कुछ वादे पूरे हुए हैं, जबकि कुछ अभी अधूरे ही हैं। किसानों को मुफ्त सिंचाई की सुविधा तो शुरू कर दी गई, लेकिन अभी तक बेटियों को स्कूटी देने की पहल नहीं हुई है। गन्ने का बकाया भुगतान 14 दिन में करने का प्रयास पूरा नहीं हुआ। भैसाना मिल पर करोड़ों रुपये बनाया है।
-
जिले में गन्ने का 85 प्रतिशत भुगतान
जिले का 90 प्रतिशत किसान गन्ने की खेती से जुड़ा है। सरकार ने गन्ने का भुगतान 14 दिन में करने की घोषणा की थी। जिले में भैसाना चीनी मिल का भुगतान पटरी पर नहीं है। हालांकि कुछ चीनी मिले नियमित अंतराल पर भुगतान कर रही है। जिले के किसान मिलों में अब तक 8.25 करोड़ क्विंटल गन्ना डाल चुके हैं। 2600 करोड़ के मुकाबले लगभग 2200 करोड़ का भुगतान किसानों के खातों में पहुंच चुका है।
बेटियों के लिए स्कूटी बनी सपना
प्रदेश सरकार ने संकल्प पत्र में 12वीं पास बेटियों को स्कूटी देने की घोषणा की थी। सरकार का एक साल पूरा हो गया है। बेटियां इंतजार कर रही हैं कि उन्हें स्कूटी कब मिलेगी। अभी तक प्रदेश सरकार की यह घोषणा पूरी नहीं हो सकी है।
-
लेपटॉप, टेबलेट का हो रहा वितरण
प्रदेश सरकार ने ग्रेजुएट को छात्रों को लैपटॉप और टेबलेट का वितरण करने की घोषणा की थी। एक साल बाद इस घोषणा पर अमल होना शुरू हुआ है। जिले के इंजीनियरिंग कॉलेजों के छात्रों को इनका वितरण प्रारंभ हुआ है। लेकिन अभी तक सभी छात्र-छात्राओं को लाभ नहीं मिला है।
- सिलिंडर मिलना था मुफ्त, बढ़ गए दाम
प्रदेश सरकार ने अपने घोषणा पत्र में होली और दिवाली पर उज्जवला कनेक्शन धारकों को मुफ्त सिलिंडर दिए जाने की घोषणा की थी। लेकिन यह घोषणा पूरी नहीं हुई है। इसके उलट होली से ठीक पहले रसोई गैस के दाम जरूर बढ़ गए हैं।
भाजपा हर वादा करेगी पूरा : शुक्ला
भाजपा जिलाध्यक्ष विजय शुक्ला का कहना है कि भाजपा जो कहती है करती है। हमने घोषणा पत्र के अधिकतम वादे पूरे कर दिए है। जो बाकी है उन्हें धीरे-धीरे पूरा किया जा रहा है।
बेरोजगारी, महंगाई चरम पर : प्रमोद
सपा जिलाध्यक्ष प्रमोद त्यागी का कहना है कि एक साल में सरकार पूरी तरह फेल साबित हुई है। महंगाई और बेरोजगारी चरम पर है। फसलों का लाभकारी मूल्य किसानों को नहीं मिल रहा है। सिंचाई की बिजली फ्री की बात करते हैं तो मीटर क्यों लगा रहे हैं। प्रदेश में कहीं भी मेट्रो नहीं चला पाए। अपराध लगातार बढ़ रहे हैं। घोषणाएं हवाई निकली हैं।
वादों पर खरी नहीं भाजपा : सतीश
बसपा के जिलाध्यक्ष सतीश रवि का कहना है कि भाजपा सरकार अपने वादों पर खरी नहीं उतरी है। घोषणा पत्र मात्र घोषणा बनकर रह गया है। युवाओं को रोजगार नहीं मिला है। बेटियां स्कूटी ढूंढ रही हैं। सिंचाई के बिल को लेकर संशय है।
जिले को मिल रही विकास की सौगात : कपिल देव
कौशल विकास राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल का कहना है कि जिले को विकास की सौगात मिल रही है। सड़कें बनवाई जा रही हैं। पेयजल के लिए टंकियों का निर्माण हुआ है। संकल्प पत्र का हर कार्य पूरा कराया जाएगा।
सरकार किसानों को भूल गई : मलिक
रालोद अध्यक्ष संदीप मलिक ने कहा कि सरकार किसानों को भूल गई है। हर वादा झूठा साबित हुआ है। आम जनता समझ चुकी है कि भाजपा सरकार की कथनी और करनी में अंतर है।