रोहटा। गांव रोहटा के मुख्य बाजार में सोमवार की देर रात चोरों ने बस स्टैंड के पास दुकान की छत उखाड़कर सामान और नकदी चोरी कर ली। पुलिस चौकी के पीछे भी तीन नलकूपों में चोरी की वारदात की। चोरी घटनाओं को लेकर क्षेत्र के लोगों में पुलिस के प्रति रोष बना हुआ है।
गांव रोहटा निवासी शोएब पुत्र साबिर की बस स्टैंड के पास कन्फेक्शनरी की दुकान है। शोएब ने बताया कि वह सोमवार की रात दुकान बंद करके गया था। मंगलवार की सुबह लौटा तो दुकान के अंदर सारा सामान अस्त-व्यस्त पड़ा था। दुकान के ऊपर टीन की चादर कटी मिली। जिसे देखने के बाद पीड़ित ने बताया कि चोर लगभग एक लाख रुपये की सिगरेट, एनर्जी ड्रिंक व नकदी आदि चोरी करके ले गए हैं। पीड़ित की सूचना पर पुलिस मौका मुआयना कर लौट गई।
इसके अलावा पुलिस चौकी के पीछे तीन नलकूपों में भी चोरी हुई। जबकि मदरसे में भी 10 हजार की नकदी व दान में दिए जेवरात चोरी कर लिए। घटना को लेकर चौकी इंचार्ज के साथ किसानों की बहस भी हुई। क्षेत्र में लगातार चोरी की घटना बढ़ रही हैं, लेकिन पुलिस जांच के नाम पर खाना पूर्ति कर रही है।
सीओ सरधना संजय कुमार जायसवाल का कहना है कि बाजार में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के आधार पर चोरों की पहचान की जा रही है। जल्द घटना का खुलासा किया जाएगा।