शामली। जिले के विद्यालयों में कक्षा आठ की शिक्षा ग्रहण करने वाले विद्यार्थियों के लिए राष्ट्रीय आय एवं योग्यता आधारित छात्रवृत्ति परीक्षा का आयोजन किया जाता है। इस परीक्षा में अच्छा प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को 12 हजार रुपये की छात्रवृत्ति प्रतिवर्ष दिए जाने का प्रावधान है। छात्रवृत्ति के लिए नेशनल स्कॉलरशिप पोर्टल पर डाटा अपलोड करना होगा।
डीआईओएस जेएस शाक्य ने बताया कि माध्यमिक शिक्षा व परिषदीय स्कूलों में अध्ययनरत विद्यार्थी राष्ट्रीय आय एवं योजना आधारित छात्रवृत्ति योजना का लाभ उठा सकते हैं। योजना में लाभ के लिए आवेदन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। शैक्षिक सत्र 2024-25 में कक्षा 8 में पढ़ने वाले विद्यार्थी योजना के तहत छात्रवृत्ति लेने के लिए आवेदन कर सकते है। आवेदन 5 सितंबर तक होंगे। इसकी प्रक्रिया ऑनलाइन है। बताया कि परीक्षा के लिए कोई आवेदन शुल्क जमा नहीं करना है।
आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद परीक्षा 10 नवंबर को जिले के निर्धारित परीक्षा केंद्र पर आयोजित होगी। छात्रवृत्ति योजना में भाग लेने के लिए आवेदक विद्यार्थी कक्षा सात की परीक्षा 55 प्रतिशत अंकों के साथ उत्तीर्ण होना जरूरी है। एससी व एसटी वर्ग के आवेदकों को पांच प्रतिशत की छूट मिलेगी। इसके साथ ही अभिभावकों की सभी श्रोतों से वार्षिक आय साढ़े तीन लाख रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए। विद्यार्थी किसी भी राजकीय, अशासकीय सहायता प्राप्त अथवा परिषदीय स्कूल में अध्ययनरत होना आवश्यक है। वहीं जवाहर नवोदय विद्यालय, केंद्रीय विद्यालय, सैनिक स्कूल व प्राइवेट स्कूल के विद्यार्थी इसके लिए आवेदन के पात्र नहीं मान गए हैं।