- छत का सरिया काटकर चोरों ने 400 ग्राम सोना चुराया, सीसीटीवी फुटेज में कैद हुए आरोपी
संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। सदर सराफा बाजार में चोरों ने सोने के जेवरात बनाने वाले कारीगर की दुकान को निशाना बनाया। छत का सरिया काटकर उन्होंने दुकान में तैयार 400 ग्राम सोने के जेवरात चोरी कर लिए। पुलिस ने आसपास की सीसीटीवी फुटेज कब्जे में ले ली है। फुटेज से संदिग्धों की पहचान की जा रही है।
सदर सराफा में बंगाली कारीगर एसके अजीजु ने बताया कि वह राज ज्वेलर्स के ऊपरी भाग स्थित दुकान पर सोने के जेवरात बनाता है। बृहस्पतिवार रात 1.30 बजे वह अपनी दुकान का ताला व नीचे शटर बंद कर घर चला गया। शुक्रवार दोपहर वह दुकान पर वापस आया तो ताला टूटा हुआ था। अंदर जाकर देखा तो दुकान में तैयार सोने के जेवरात गायब थे। उसने आसपास के लोगों को सूचना दी।
पुलिस ने मौके पर आकर जांच की। ऊपर छत के सरिए कटे हुए थे। अजीजु ने बताया कि दुकान में 400 ग्राम सोने के तैयार जेवरात थे। सभी गायब है। इन जेवरात की कीमत लगभग 60 लाख रुपये हैं। पुलिस ने आसपास की दुकानों व बाजार में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज चेक की। एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच पड़ताल की जा रही है। जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
-