हल्दौर (बिजनौर)। पुलिस ने बकरी चोरी के आरोपी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। पकड़े गए बदमाश के पैर में गोली लगी है। पुलिस ने उसका उपचार कराने के बाद चालान कर दिया।
बृहस्पतिवार रात करीब 11 बजे अम्हेड़ा-चांदपुर मार्ग पर स्थित गांव मोहनपुर तिराहे के निकट पुलिस ने एक कार को रोका। थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार बैंसला ने बताया कि चालक ने पुलिस को देखते ही कार मोहनपुर की ओर मोड़कर भागने का प्रयास किया। कार कच्चे रास्ते में फंस गई। पुलिस ने पीछा कर घेराबंदी की। इस दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में आरोपी पैर में गोली लगने से घायल हो गया।
पुलिस पूछताछ में आरोपी की पहचान मुजफ्फरनगर के मोहल्ला किदवई, थाना खालापार निवासी शहजाद के रूप में हुई। पुलिस के अनुसार उसने स्वीकार किया कि करीब 20 दिन पूर्व उसने अपने साथी अरशद के साथ थाना क्षेत्र के गांव जैनुलआबदीनपुर से तीन बकरी और कोतवाली शहर क्षेत्र के गांव शादीपुर डल्ला से एक बकरा चोरी किया था। थाने में बकरी चोरी की रिपोर्ट दर्ज है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी की कार पर फर्जी नंबर प्लेट लगी थी। पूछताछ में पता चला कि यह कार शहजाद के साथी अरशद ने अपने रिश्तेदार से करीब ढाई लाख रुपये में खरीदी थी। उसके पास से एक तमंचा बरामद हुआ है। कार को सीज कर दिया गया है। पुलिस ने बताया शहजाद के खिलाफ बिजनौर और मुजफ्फरनगर जनपद के कई थानों में चोरी आदि के लगभग 27 मुकदमे दर्ज हैं।