घोड़ों के शौकीन और सवार का आजकल आकर्षण का केंद्र आरवीसी सेंटर एंड कॉलेज हो गया है। घोड़ों की टाप सुनने और सवारों की सफलता आरवीसी के मैदान पर देखने को मिल रही है। मंगलवार को मेरठ हार्स शो एंड रीजनल इक्वेस्ट्रियन लीग के तीसरे दिन तीन इवेंट हुए। सुबह से लेकर शाम तक घोड़े और सवारों ने दमखम दिखाया। जैसे-जैसे लीग आगे बढ़ रही है चार्म भी बढ़ रहा है। प्रतियोगिता के हीरो घोड़े ग्लाइडेटर, जोरावर, आतिश, अल्ताफ और डिजायर टू रहे। व्यक्तिगत और टीम इवेंट में इन्होंने बाजी मारी।
नोविस जंपिंग नॉर्मल में चार टीमों ने भाग लिया। विजेता का खिताब आरवीसी कॉलेज एंड सेंटर की सी टीम के सिर सजा। सवार नील कमल, सवार जितेंद्र, दफेदार राणा प्रताप और सवार पवन कुमार विजेता बने। इनके घोड़े क्रमश: ग्लाइडेटर, जोरावर, आतिश और अल्ताफ विजेता रहे। इनकी छलांग सबसे अच्छी रही। दूसरे नंबर पर आरवीसी कॉलेज एंड सेंटर की डी टीम रही। विजेताओं में लेफ्टिनेंट कर्नल एके गोस्वामी, दफेदार अंकुश कुमार, लांस दफेदार के महेश और लांस दफेदार मोहम्मद अबरार रहे। इनके घोड़े क्रमश: रामजस पर्ल, गौरव, टारजन और रफ्तार का अच्छा प्रदर्शन रहा।
तीसरे नंबर पर आरवीसी कॉलेज एंड सेंटर की टीम बी रही। घुड़सवारों में आरआईएस दिनेश कुमार, एएलडीपी विश्वनाथ, आरआईएस मलचंद विश्नोई और सवार राकेश कुमार शामिल रहे। इनके घोड़े क्रमश: जीत, गणपत, ओल्ड गोल्ड, विक्ट्री लैप तीसरे नंबर पर रहे। चौथे नंबर पर आरवीसी कॉलेज एंड सेंटर की टीम ए रही। लेफ्टिनेंट कर्नल विवेक मिश्रा, दफेदार शांतनु कुमार, लांस दफेदार दिलीप और सवार राज कुमार शामिल रहे। इनके घोड़े क्रमश: एस्कट इंडिया, गुल्फाम, विनर सेकेंड और गोल्डन ब्वॉय रहे।
सात को क्रॉस कंट्री
मेरठ हार्स शो में सबको क्रॉस कंट्री का इंतजार है। घुड़सवारी का यह शानदार इवेंट हैं। जिसमें राइडर से लेकर घोड़े तक लाजवाब होंगे। सात अक्तूबर को क्रास कंट्री की शुरुआत होगी। सुबह 11 बजे से क्रास कंट्री इवेंट शुरू होगा। शो जंपिंग और ड्रेसाज इवेंट प्रतियोगिता के विजेताओं को छह अक्तूबर की शाम को पुरस्कार वितरण किया जाएगा। शाम साढ़े बजे पुरस्कार समारोह होगा।