बोली-घर से निकलना मुश्किल हुआ, एसएसपी ऑफिस पर की शिकायत
संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। परतापुर थाना क्षेत्र की एक छात्रा ने गांव के ही दो आरोपियों पर छेड़छाड़ व मानसिक रूप से परेशान करने का आरोप लगाया है। छात्रा के अनुसार आरोपियों की हरकतों के चलते घर से निकलना मुश्किल हो गया है। पीड़िता ने शनिवार को एसएसपी ऑफिस पर शिकायत पत्र देकर कार्रवाई की मांग की। एसएसपी ने थाना पुलिस को जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
दिल्ली रोड स्थित एक गांव निवासी युवती ने शनिवार को एसएसपी ऑफिस पर शिकायत पत्र देते हुए बताया कि वह एक कॉलेज से एमए की पढ़ाई कर रही है। एसएससी की तैयारी भी कर रही है। पीड़िता के अनुसार दोनों आरोपी काफी समय से उसे परेशान कर रहे है। शनिवार को भी आरोपियों ने छात्रा पर गलत कमेंट किया। पीड़िता ने आरोपियों पर धमकी देने का आरोप लगाया। छात्रा ने परिजनों को मामले की जानकारी दी। छात्रा परिजनों के साथ आरोपियों के घर पहुंची। आरोप है कि आरोपियों ने छात्रा के परिजनों से जमकर अभद्रता की। छात्रा ने एसएसपी से आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह का कहना है कि शिकायत पत्र पर लगाए सभी आरोपों की जांच की जाएगी। जांच के बाद अग्रिम कार्रवाई होगी।