मेरठ कॉलेज की छात्रा के गायब होने पर हंगामा
मेरठ। मेरठ कॉलेज में बीए द्वितीय वर्ष की छात्रा के बृहस्पतिवार को संदिग्ध हालात में गायब होने पर कालेज के विद्यार्थियों ने धरना दिया। उन्होंने छात्रा को जल्द और सकुशल बरामद करने की मांग की। एएसपी कैंट ने जल्द बरामदगी का आश्वासन दिया है। वहीं, पुलिस ने शुक्रवार कॉलेज के सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाली तो छात्रा नजर आई। इसमें छात्रा 15 मिनट कॉलेज में रुकने बाद कचहरी की ओर जाते हुए नजर आ रही है। इसके आधा घंटे बाद पीएल शर्मा रोड के एक साइबर कैफे में दिखी है।
परीक्षितगढ़ थाना क्षेत्र के एक गांव की युवती मेरठ कॉलेज में बीए फाइनल वर्ष की छात्रा है। बृहस्पतिवार को छात्रा कॉलेज तो आई लेकिन घर नहीं लौटी। परिजनों ने छात्रा की तलाश शुरू कर दी। रात में वह पहले लालकुर्ती थाने और फिर एसएसपी आवास पहुंचे, लेकिन सुबह आने की बात कहकर लालकुर्ती पुलिस ने लौटा दिया। शुक्रवार सुबह छात्रा का भाई कुछ रिश्तेदारों को लेकर लालकुर्ती थाने आया। यहां से मेरठ कॉलेज पहुंचे और कैमरे देखने की बात कही। तभी कुछ छात्रों ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगा छात्र नेता अनुराग चौधरी के नेतृत्व में शताब्दी द्वार पर नारेबाजी शुरू कर दी। कुछ देर के लिए जाम के हालात बन गए।
एएसपी कैंट सूरज राय और सीओ सिविल लाइन देवेश सिंह फ़ोर्स के साथ वहां आ गए। उन्होंने छात्रों को मनाया और 24 घंटे में छात्रा को सकुशल बरामद कराने का भरोसा दिलाकर धरना खत्म कर दिया। कॉलेज के सीसीटीवी में छात्रा कॉलेज आती दिख रही है। मगर बाद में वह अकेली तेजी से बाहर जाती दिख रही है। परिजनों ने साथ आने वाली कुछ छात्राओं से बातचीत की। उन्होंने बताया कि छात्रा उनसे मिली थी, लेकिन ऑनलाइन फार्म भरने की बात कहकर चली गई थी।
छात्रा के फोन की कॉल भी खंगाली जा रही है। कितने बजे छात्रा का फोन बंद हुआ। आखिरी कॉल किसकी थी। दो से तीन दिन में सबसे ज्यादा किस नंबर पर बात की गई, इन सब सवालों का जवाब जुटाने में पुलिस लगी है। बताया जाता है कि कॉलेज आने के बाद छात्रा का मोबाइल बंद हुआ था। जब से वह बंद ही आ रहा है। वहीं, परिजनों का कहना है कि छात्रा की शादी उसी की मर्जी से तय हुई है। कुछ दिन बाद शादी होनी है। इससे पहले ही छात्रा के साथ यह घटना हो गई है।
---
छात्रा की बरामदगी को लेकर कई बिंदुओं पर पुलिस काम कर रही है। काल डिटेल्स भी खंगाली गई है। हालांकि कोई ठोस जानकारी नहीं मिल पाई है। कुछ छात्रों ने धरना दिया था, जिन्हें समझाकर धरने से उठा दिया गया। - सूरज राय, एएसपी कैंट
---
छात्रा कॉलेज में 15 मिनट रही है। इसके बाद वो सीसीटीवी में अकेले जाते हुए दिख रही है। पुलिस को फुटेज दे दी गई है।
- डॉ. अलका चौधरी, चीफ प्रॉक्टर मेरठ कॉलेज
---