सहानरपुर जनपद में गंगोह थाना क्षेत्र के एक मोहल्ले में पुलिस से बेखौफ मनचलों ने महिलाओं और छात्राओं का घर से निकलना दुश्वार कर दिया है। एक छात्रा ने तो इनके खौफ के चलते पिछले एक सप्ताह से विद्यालय तक जाना बंद कर दिया है। पीड़ित महिलाओं ने कोतवाली में नामजद तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी।
नगर के एक मोहल्ले निवासी दो महिलाओं ने कोतवाली में दी तहरीर में बताया कि वह जब भी अपने घर से घेर और खेत में आती जाती है, तभी मोहल्ले के ही पांच युवक उसके साथ छेड़छाड़ करते हैं। आरोपी उन पर अश्लील फब्तियां कसते हैं। आरोप लगाया कि कक्षा नौ की छात्रा उनकी पुत्री के साथ भी आरोपी विद्यालय से आते जाते छेड़छाड़ करते हैं। बताया कि समझाने पर आरोपी मारपीट पर उतारू हो जाते हैं।
यह भी पढ़ें: यूपी के बागपत में मनचलों का खौफ, दो चचेरी बहनों ने तंग आकर छोड़ा स्कूल
बताया गया कि आरोपी अपराधी प्रवृत्ति के हैं और इन्होंने मिलकर गैंग बना रखा है। उनके डर के कारण उनकी पुत्री ने तो पिछले एक सप्ताह से स्कूल जाना भी बंद कर दिया। तहरीर में पीड़ित महिलाओं ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने और उन्हें सुरक्षा देने की मांग की।
यह भी पढ़ें: यूपी: खतरे में मासूम बेटियों की जिंदगी, कहीं मनचलों के डर से छोड़ी पढ़ाई, कहीं स्कूल में दरिंदगी
कोतवाली निरीक्षक भगवत सिंह ने बताया कि तहरीर प्राप्त हुई है। वह मामले की जांच करा रहे हैं। उन्होंने बेटी को बेखौफ होकर विद्यालय जाने का भरोसा देकर ऐसे असामाजिक तत्वों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की बात कही।
नोट- इन खबरों के बारे आपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/