बसपा नेता गौहर इकबाल के साथ फरार हुई युवती को पुलिस ने बरामद कर लिया है। जबकि आरोपी हाथ नहीं लग सका है। नूरपुर थाना क्षेत्र के गांव नंगली पथवारी निवासी एक युवती एक सप्ताह पूर्व बसपा नेता गौहर इकबाल के साथ चली गई थी। युवती की मां ने गौहर इकबाल और उसकी कार के चालक मंसूर के खिलाफ पुत्री को बहला फुसलाकर ले जाने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। मामला बसपा नेता से जुड़ा होने के चलते राजनीति शुरू हो गई थी। पुलिस पर गौहर इकबाल की गिरफ्तारी और युवती की बरामदगी के लिए दबाव बना हुआ था। सोमवार की दोपहर को पुलिस ने युवती को नहटौर चौराहे से बरामद कर लिया, जबकि गौहर इकबाल पुलिस के हाथ नहीं लगा। प्रभारी निरीक्षक सतेंद्र कुमार ने बताया कि मेडिकल परीक्षण के बाद युवती को बयान के लिए न्यायालय में पेश किया जाएगा।
उधर, युवती को बहला फुसलाकर ले जाने के आरोपी गौहर इकबाल से बसपा ने भी किनारा कर लिया है। गौहर इकबाल ने बसपा के टिकट पर 2017 में नूरपुर विधानसभा से चुनाव लड़ा था। बसपा जिलाध्यक्ष राजेंद्र सिंह का कहना है कि नसीमुद्दीन सिद्दीकी के साथ ही गौहर इकबाल को भी पार्टी से निकाल दिया गया था। उनका बसपा से कोई मतलब नहीं है।