बिजनौर के नूरपुर थानाक्षेत्र में बुधवार को शादी का रिश्ता टूटने से आहत एक युवती ने युवक के घर पहुंचकर जमकर हंगामा किया। युवक के गुस्साए परिजनों ने युवती की पिटाई कर दी, जिसके बाद वह घर के बाहर ही धरना देकर बैठ गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने युवती को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह युवक के साथ शादी की जिद पर अड़ी रही।
नगर निवासी एक युवक की शादी रुड़की के सुनहरी रोड निवासी एक युवती से तय हुई थी। ग्रामीणों ने बताया कि रिश्ता पक्का होने के कुछ दिन बाद दोनों पक्षों के बीच किसी बात को लेकर मनमुटाव हो गया। इसके बाद वर पक्ष ने शादी करने से मना कर दिया। दोनों पक्षों में समझौता न होने पर मामला कोर्ट में पहुंच गया।
मंगलवार को युवती के परिजन थाने पहुंचे। पुलिस से मामले में सुलह करवाने की मांग की। पुलिस ने दोनों पक्षों को बुधवार को थाने बुलाया था। शादी टूटने से आहत युवती बुधवार को अकेले ही नूरपुर पहुंच गई। वह लड़के वालों के घर पहुंची और जमकर हंगामा किया।
हंगामे से गुस्साए युवक के परिजनों ने युवती की पिटाई कर दी। इसके बाद युवती उनके घर के बाहर धरना देकर बैठ गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने युवती को समझाने का प्रयास किया। लेकिन युवती शादी की जिद पर अड़ गई। प्रभारी निरीक्षक संजय पांचाल ने मामले की जानकारी होने से इंकार किया है।