नौचंदी मेले में जादूगर वी सम्राट ने हैरतअंगेज करतबों ने दर्शकों को लुभाया
विज्ञापन
- पटेल मंडप में हुआ आयोजन
माई सिटी रिपोर्टर
मेरठ। प्रांतीय नौचंदी मेले के पटेल मंडप में बृहस्पतिवार को आयोजित जादूगर वी सम्राट के शो ने दर्शकों को रोमांच और आश्चर्य से भर दिया। जादूगर ने एक लड़की को हवा में उड़ाकर दर्शकों को चौंका दिया। कुछ ही क्षण बाद वही लड़की मंच से अचानक गायब हो गई। जिसे देखकर बच्चे और बड़े सभी हैरान रह गए।
शो के दौरान इंद्रजाल और भ्रम के कई प्रयोग प्रस्तुत किए गए। हवा में उड़ती टेबल, अचानक प्रकट होते फूल और कबूतरों के करतबों ने लोगों को खूब आकर्षित किया। हर करतब के बाद दर्शकों ने जोरदार तालियों से कलाकारों का उत्साह बढ़ाया। कार्यक्रम का सबसे रोमांचक और हैरतअंगेज प्रदर्शन वह रहा जब एक लड़की को भाले के ऊपर लिटाया गया और फिर भाला हटा लेने के बावजूद वह हवा में स्थिर दिखाई दी।
इसके अलावा मिस्र की रानी नामक विशेष जादुई प्रस्तुति भी दिखाई गई। इसमें रोशनी और संगीत के बीच जादुई भ्रम का अनोखा संगम देखने को मिला। कार्यक्रम में प्रतीश ठाकुर, सरबजीत कपूर, नरेंद्र राष्ट्रवादी, नासिर सैफी, राकेश गौड़, अंकुर गोयल, संजय जैन आदि रहे।