आरोपियों की गिरफ्तारी को पैदल मार्च कर थाने पर दिया धरना
मोदीनगर। बीस दिन बीत जाने के बाद भी काजमपुर निवासी आरती की मौत में आरोपियों की गिरफ्तारी न होने पर परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने लोगाें के साथ पैदल मार्च निकाल थाने का घेराव किया। हंगामे की सूचना पर पहुंचे एसपी देहात ने पुलिस को आडे़ हाथ लेते हुए 24 घंटे में आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। आश्वासन मिलने के बाद लोग लौट गए। मृतका की बहन ने आरोपियों की गिरफ्तारी न होने पर आत्मदाह की चेतावनी दी है।
काजमपुर निवासी किसान ओमप्रकाश सिंह ने पांच महीने पहले अपनी छोटी बेटी आरती की शादी गाजियाबाद स्थित नेहरू नगर निवासी इनकम टैक्स इंस्पेक्टर मोहित तेवतिया से की थी। बताया गया है कि उन्होंने शादी में 40 लाख रुपये से अधिक का दान दहेज दिया गया। तब भी ससुराल पक्ष नाखुश थे और 20 लाख रुपये की मांग कर आरती को प्रताड़ित कर रहे थे। परिजनों का आरोप है कि इससे परेशान होकर बीती 25 जुलाई को आरती ने मायके में खुदकुशी कर ली थी। मृतका के पिता ने दहेज उत्पीड़न कर आत्महत्या को उकसाने के लिए पति मोहित समेत पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। आरोप है कि करीब 20 दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया। इस पर परिजनों ने लोगों के साथ पुलिस मुर्दाबाद के नारे लगाते हुए पैदल मार्च निकाला और थाने में धरना दिया। हंगामे की सूचना पर एसपी देहात पहुंचे और पुलिस को आड़े हाथ लिया। उन्होंने सीओ केपी मिश्रा और इंस्पेक्टर संजीव शर्मा को बुला आरोपियों को हर हाल में 24 घंटे में गिरफ्तार करने के निर्देश दिए। इसके बाद लोग लौट गए। मामले में एसपी देहात नीरज कुमार जादौन का कहना है कि आरोपियों को 24 घंटें में गिरफ्तार करने के लिए निर्देशित किया गया है। टीम रवाना हो गई है।