मोदीनगर के आबिदपुर मानकी गांव में चालक की गला रेतकर हत्या
मोदीनगर में चालक की गला रेत कर हत्या
मोदीनगर। आबिदपुर मानकी गांव में चालक हारून की गला रेत कर हत्या कर दी गई। बृहस्पतिवार की सुबह गांव से करीब एक किमी दूर जंगल से शव बरामद हुआ। हत्या का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस कई बिंदुओं पर मामले की जांच कर रही।
मूलरूप से सारा गांव निवासी हारून (28) पुत्र वली मोहम्मद अपने ननिहाल आबिदपुर मानकी गांव में पत्नी नरगिस और दो बच्चे शिफा व अजीज के साथ रहता था। वह एक प्राइवेट कंपनी में वाहन चलाता था। कुछ दिन पहले उसकी नौकरी छूट गई थी, जिसके बाद वह दिहाड़ी पर गाड़ी चला रहा था। बुधवार रात 8 बजे के आसपास उसे किसी का फोन आया, जिसके बाद वह घर से चला गया। देर रात तक वापस नहीं लौटा तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। बृहस्पतिवार को दौसा बंजारपुर वाले रास्ते पर जंगल में गला रेता हुए एक शव मिला। परिजनों ने मौके पर पहुंचकर शिनाख्त की। चेहरे पर पॉलिथीन लिपटी हुई थी। जानकारी के बाद सीओ सुनील कुमार सिंह तथा थाना प्रभारी निरीक्षक मुनेेंद्र कुमार सिंह घटनास्थल पर पहुंचे। मौके से हारून का मोबाइल गायब मिला। उसके ममेरे भाई शाहरुख ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है।
मोबाइल में छुपा है हारून की हत्या का राज
हारून के परिजनों के अनुसार उनकी किसी से रंजिश या लेनदेन का कोई विवाद नहीं है। परिजनों की जानकारी के बाद पुलिस हत्या की गुत्थी में उलझ गई है। हारून घर से मोबाइल लेकर गया था मगर वह बरामद नहीं हुआ।
आबिदपुर मानकी के जंगल से गला रेता हुआ शव बरामद हुआ, जिसकी शिनाख्त हारून नाम के युवक के रूप में हुई। विभिन्न बिंदुओं पर जांच की जा रही है।
- सुनील कुमार सिंह, सीओ, मोदीनगर