परिजनों ने किया इनकार, कांग्रेस नेता ने कराया अंतिम संस्कार
मुरादनगर। बीमारी के कारण राजस्थान निवासी एक व्यक्ति की मौत हो गई। परिजनों ने अंतिम संस्कार कराने से इनकार कर दिया। कांग्रेस नेता ने अपने साथियों के साथ मिलकर मृतक का अंतिम संस्कार कराया।
कांग्रेस नेता विनीत त्यागी ने बताया कि करीब 15 दिन पूर्व बीमारी की हालत में अशोक कुमार (55) निवासी राजस्थान मोरटा गांव में घूम रहे थे। उन्होंने अपने फार्म हाउस में उनको रहने दिया। कई दिनों से बुखार, खांसी से ग्रस्त होने के कारण बृहस्पतिवार शाम उसकी मौत हो गई। चर्चा फैल गई कि व्यक्ति की कोरोना से मौत हो गई, इसके चलते लोग शव के पास जाने से बचते रहे। विनीत त्यागी ने किसी तरह मृतक के परिजनों का मोबाइल नंबर तलाश किया। परिजनों को सूचना दी तो उन्होंने अंतिम संस्कार करने से इनकार कर दिया। बताया कि वह न आने के लिए तरह तरह के बहाने बनाने लगे। इसके बाद कांग्रेस नेता विनीत त्यागी ने साथियों के साथ मिलकर हिन्दू रीति रिवाज से शव का अंतिम संस्कार किया। टीम में एनएसयूआई जिला उपाध्यक्ष संदीप कुशवाह, चिराग त्यागी, नितिन त्यागी, टोनी पंडित, मनिक, अभिषेक आदि रहे।