अधिक बिल आने पर ग्रामीणों ने बिजलीघर पर किया हंगामा
मोदीनगर। निर्धारित मानक से अधिक रीडिंग आने का आरोप लगाते हुए सीकरी के ग्रामीणों ने मंगलवार को सीकरी रोड स्थित बिजलीघर पर हंगामा किया। ग्रामीणों का आरोप था कि बिल ठीक करने के नाम पर उनका शोषण किया जाता है। विद्युत अधिकारियों ने कार्रवाई का आश्वासन देकर ग्रामीणों को शांत कराया।
मंगलवार को सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण सीकरी रोड स्थित बिजलीघर पहुंचे और अधिशासी अभियंता कार्यालय के बाहर हंगामा करना शुरू कर दिया। उनका कहना था कि मानक से अधिक रीडिंग आ रही है। रीडिंग लेने के बावजूद भी बहुत अधिक बिल भेजा जा रहा है। बिल ठीक कराने के नाम पर विद्युत कर्मी सुविधा शुल्क मांगते हैं। काफी देर तक हंगामा चलता रहा। बाद में विभाग के अभियंता ने प्रदर्शनकारियों को आश्वासन दिया कि यदि अधिक बिल भेजा गया है तो उसे ठीक कराया जाएगा और यदि कोई भी कर्मी सुविधा शुल्क की मांग करेगा तो उसके विरुद्ध कार्रवाई होगी। इस पर ग्रामीण शांत हुए। प्रदर्शन करने वालों में आकाश चंदेला, रविंद्र गिरी, अमित गुर्जर, देवेंद्र वत्स और बबलू गोस्वामी आदि शामिल थे।