बड़ी बचत के सपने दिखाकर लगाया करोड़ों का चूना
मोदीनगर। सैकड़ों ग्रामीणों को बड़ी बचत के सपने दिखाकर करोड़ों रुपये ठगने का मामला सामने आया है। पीड़ितों ने मंगलवार को एसडीएम को ज्ञापन देकर कार्रवाई की मांग की है। कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
निवाड़ी थानांतर्गत सौंदा गांव निवासी जीत सिंह तथा प्रेमपाल आदि ने बताया कि गांव के ही एक शातिर व्यक्ति ने ग्रामीणों की एक समिति बनाकर कुछ माह में रुपये दोगुना करने का लालच दिया। बताया गया कि लोगों पर विश्वास जमाने के लिए उसने तय समय में कुछ लोगों के पैसे दोगुना कर लौटा दिए। लालच के चक्कर में ग्रामीण उसके चंगुल में फंस गए। बताया गया कि करीब 80 ग्रामीणों ने एक करोड़ रुपये के आसपास समिति में लगा दिए। इसी बीच उक्त व्यक्ति की मौत हो गई। आरोप है कि उक्त व्यक्ति की मौत के बाद परिजनों ने ग्रामीणों के पैसे देने से इंकार कर दिया। मांगने पर अभद्रता और बदसलूकी करने का आरोप लगाया। मंगलवार को दर्जनों ग्रामीण तहसील पहुंचे और अधिकारियों को पीड़ा बताते हुए इंसाफ की गुहार लगाई। अधिकारियों को दिए गए प्रार्थना पत्र पर राजपाल सिंह, सुरेशदेवी, प्रेमपाल सिंह, जीतपाल सहित दर्जनों लोगों के हस्ताक्षर हैं।