युवक की हत्या कर पेट्रोल डालकर जलाया शव
मोदीनगर। निवाडी थाना क्षेत्र में विधि विज्ञान प्रयोगशाला से आगे जंगल में एक युवक की डंडों से पीटकर निर्मम हत्या कर दी गई। हत्या के बाद पेट्रोल डालकर शव को जलाने का प्रयास किया गया। सूचना पर डॉग स्क्वॉयड और फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंच कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस फोर्स के साथ एसपी देहात ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। शव की शिनाख्त नहीं हो सकी। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक की उम्र तीस वर्ष के करीब है।
बुधवार को निवाड़ी थाना क्षेत्र में विधि विज्ञान प्रयोगशाला से आगे मोदीनगर-निवाड़ी मुख्य मार्ग से कुछ दूरी पर गन्ने के खेत में एक अधजला शव मिलने से सनसनी फैल गई। ग्रामीणों के अनुसार पास ही सरसों के खेत की बैरिकेडिंग में लगे डंडे तोडकर पहले युवक की पीटकर हत्या की गई, फिर शव को कुछ दूर घसीटकर गन्ने के खेत के समीप नाली में डालकर तेल छिड़ककर उसे जलाने का प्रयास किया गया। अंदेशा है कि पहचान छुपाने के लिए चेहरे पर कपड़ा लपेट कर जलाया गया। घटनास्थल देखकर अंदाजा लगाया जा सकता है कि युवक ने मौत से पहले काफी संघर्ष किया होगा। जहां चारों तरफ खून फैला हुआ था। साक्ष्य जुटाने के डॉग स्क्वॉयड और फोरेंसिक टीम भी घटनास्थल पर पहुंची। मौके पर पंहुचे एसपी देहात नीरज कुमार जादौन का कहना है कि मृतक की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहें है, टीमें गठित कर दी गई है।