थाने से दो सौ मीटर की दूरी पर शोरूम का ताला तोड़ लाखों का सामान चोरी
मोदीनगर। दिल्ली-मेरठ मार्ग पर थाने से मात्र दो सौ मीटर की दूरी पर स्पोर्ट्स गुड्स के शोरूम का ताला तोड़कर बदमाश लाखों का सामान चोरी कर ले गए। घटना सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई। मुरादनगर के सुल्तानपुर गांव निवासी अर्जुन चौधरी का मोदी मंदिर के समीप शोरूम है। शनिवार शाम अर्जुन शोरूम बंद कर अपने घर चले गए। रविवार सुबह शोरूम पहुंचे तो ताले टूटे देखे। बदमाश शोरूम से लाखों की कीमत के ट्रैक सूट, लोअर और अपर चोरी कर ले गए। घटना सीसीटीवी में कैद हो गई। एक नकाबपोश बदमाश रात करीब ढाई बजे शोरूम में दाखिल हुआ और करीब 30 मिनट तक तीन बोरे में कीमती सामान भरकर बाहर ले आया। एक बदमाश शोरूम में घुसा और उसके बाकी साथी गाड़ी लेकर बाहर खड़े रहे और बोरे गाड़ी में लाद ले गए। बदमाश ने शोरूम के चार में से तीन सीसीटीवी कैमरे भी क्षतिग्रस्त कर दिए। वारदात पड़ोसी कारोबारी के सीसीटीवी में भी कैद हुई। अर्जुन ने बताया कि चोरी गए सामान की कीमत करीब चार लाख रुपये है।