पुलिस ने लापता छात्रा को एक घंटे में किया बरामद
मोदीनगर। स्कूल से घर लौटते समय रास्ता भटककर दूसरे कस्बे में पहुंची कक्षा चार की छात्रा को भोजपुर पुलिस ने घंटेंभर में सकुशल बरामद कर लिया। बच्ची के सकुशल बरामद होने पर परिजनों के खुशी से आंसू छलक गए। उन्होने भोजपुर पुलिस का धन्यवाद करते हुए आभार जताया।
एसीपी रितेश त्रिपाठी के अनुसार हापुड़ जनपद स्थित पिलखुवा निवासी प्रशांत कश्यप की करीब दस वर्षीय पुत्र यशी मोदीनगर स्थित संजयपुरी कॉलोनी निवासी अपनी मौसी के पास रहती है। यशी यहां प्राथमिक विद्यालय में कक्षा चार की छात्रा है। बताया गया कि यशी शुक्रवार को मौसी के घर से स्कूल गई थी ,मगर छुट्टी के बाद घर नहीं लौटी। परिजन स्कूल पहुंचे तो यशी के वहां से घर के लिए जाने की जानकारी मिली। परिजनों ने खोजबीन शुरू की तो बच्ची के भोजपुर थाना क्षेत्र में होने की जानकारी लगी। इसके बाद परिजनों ने भोजपुर पुलिस को मामले की सूचना दी। सूचना के बाद एसएचओ भोजपुर ब्रिजकिशोर गौतम ने दो टीमों को गठन कर तत्काल बच्ची की खोजबीन शुरू कर दी। टीमों ने सीसीटीवी कैमरे आदि चैक किए तो बच्ची की लोकेशन कस्बा फरीदनगर मिली। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्कूल यूनिफार्म पहने बच्ची को बैग सहित सकुशल बरामद कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया। पूछताछ में बच्ची ने बताया कि उसे मां की याद आने लगी वह मां से मिलने के लिए चल दी,मगर रास्ता भटककर फरीदनगर पहुंच गई।