रिटायर्ड कार्यशाला अधीक्षक पर जानलेवा हमला, हालत गंभीर
मुरादनगर। आयुध निर्माणी फैक्टरी से कार्यशाला अधीक्षक के पद से रिटायर्ड बुजुर्ग पर सोमवार रात तीन युवकों ने धारदार हथियार से हमला कर दिया। गंभीर हालत में बुजुर्ग को गाजियाबाद के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वारदात में शामिल तीनों आरोपी सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गए। पुलिस ने तीनों को हिरासत में लिया है।
न्यू डिफेंस कॉलोनी में हरेंद्र चौधरी (72) परिवार के साथ रहते हैं। वह आयुध निर्माणी फैक्टरी से कार्यशाला अधीक्षक के पद से रिटायर्ड हैं। सोमवार रात वह खाना खाकर टहलने के लिए घर से निकले थे। बीच रास्ते में घात लगाए बैठे तीन युवकों ने उन्हें एक प्रोविजन स्टोर के सामने रोक लिया। बताया गया है कि युवकों ने गाली गलौज करते हुए अचानक बलकटी, हथौडे़ से हरेंद्र पर हमला कर दिया। चीख पुकार सुनकर मौके पर लोगों का आता देख आरोपी फरार हो गए। बताया कि तीनों युवक बुजुर्ग के बेटे के साथ मारपीट करने आये थे। लेकिन वह घर पर नहीं मिला तो उसके पिता पर हमला कर दिया। परिजनों ने घायल को पहले स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया, हालत गंभीर होने पर उन्हें गाजियाबाद रेफर किया गया। मारपीट करने वाले तीनों युवक कॉलोनी में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गए। वहीं, अस्पताल में हरेंद्र चौधरी की हालत नाजुक बनी है। एसओ सतीश कुमार ने बताया कि मामले में घायल बुजुर्ग के बेटे निशांत चौधरी की तहरीर पर अंचल उर्फ मोनू व गोलू व अन्य के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। मामले में तीनों युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।