चोर सीसीटीवी में कैद फिर भी दर्ज नहीं हुई रिपोर्ट
मुरादनगर। राधेश्याम विहार कॉलोनी फेस वन में बुधवार दोपहर दिनदहाड़े जयपाल चौधरी के मकान का ताला तोड़कर चोर नकदी, जेवर समेत अन्य कीमती सामान चुरा ले गए। पीड़ित के अनुसार, मकान में चोरी करने वाला एक चोर सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया। इसके बाद भी पुलिस ने रिपोर्ट नहीं दर्ज की है। जयपाल चौधरी ने बताया कि उनकी कालोनी में ही दुकान और मकान है। बुधवार दोपहर मकान में ताला लगाकर उनकी पत्नी मधु व बेटा अखिल पास की दुकान पर सामान लेने गए थे। कुछ समय बाद दोनों लौटे तो देखा मकान के मुख्य द्वार का ताला टूटा पड़ा है और अंदर का सारा सामान बिखरा पड़ा है। उन्होंने बताया कि चोर अलमारी से पांच हजार रुपये नकद, करीब दो लाख के गहने, पांच रजिस्ट्री व अन्य कीमती सामान चोरी कर ले गए। वहीं, पुलिस ने मामले में जांच के बाद कार्रवाई की बात कही है।