सीकरी मेले में बदमाशों ने लक्ष्मी से पर्स लूटा
मोदीनगर। सीकरी खुर्द महामाया मंदिर पर लगने वाले चैत्र मेले के दूसरे दिन भी बदमाशों का आतंक जारी रहा। बदमाशों ने रविवार को माता के दर्शन आई महिला का पर्स लूट लिया। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी भीड़ में गुम हो गया। मेले के पहले दिन शनिवार को भी बदमाशों ने छपरौली निवासी एक महिला की चेन लूट ली थी। दिल्ली-मेरठ मार्ग स्थित कादराबाद गांव निवासी गुलाब सिंह की पत्नी लक्ष्मी रविवार को पूजा अर्चना करने के लिए सीकरी खुर्द महामाया मंदिर आई थी। आरोप है कि इसी दौरान बदमाशों ने उससे पर्स लूट लिया। महिला ने शोर भी मचाया लेकिन बदमाश भीड़ में छिप गया। पीड़िता ने मामले की शिकायत मेले में मौजूद पुलिसकर्मी से की। आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने कार्रवाई के स्थान पर उससे मेले में पर्स लाने पर ही सवाल दागने शुरू कर दिए। बता दें कि रविवार को छपरौली निवासी रितु से बदमाशों ने चेन लूट ली थी। पीड़िता ने वहां मौजूद पुलिस से मामले की शिकायत की थी। बदमाश लगातार घटनाओं को अंजाम देकर पुलिस के सुरक्षा दावों की पोल खोल रहे हैं। थाना प्रभारी निरीक्षक अनीता चौहान ने किसी भी घटना के जानकारी होने से इनकार किया है।