स्नान करते समय गीजर की गैस लीक हुई, महिला की मौत
परीक्षितगढ़। क्षेत्र के गांव खानपुर बांगर में निजी चिकित्सक की पत्नी बाथरूम में गीजर की गैस लीक होने पर बेहोश हो गई। परिजनों ने महिला को मेरठ के निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
गांव खानपुर निवासी चिकित्सक सलीम अख्तर का नगर के खजूरी दरवाजा में इकबाल मेडिकल स्टोर है। वहीं पर वह मरीज देखते हैं। मंगलवार दोपहर चिकित्सक की पत्नी शीबा प्रवीन बाथरूम में स्नान करने गई। गीजर की गैस लीक होने पर वह बेहोश हो गई। काफी देर तक बाथरूम से बाहर नहीं निकलने पर परिवार के लोगों ने आवाज लगाई। अंदर से कोई आवाज न आने पर परिजनों ने किसी तरह बाथरूम से उन्हें बाहर निकाला तथा बेहोशी की हालत में मेरठ के निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां चिकित्सक ने महिला को मृत घोषित कर दिया। गमगीन माहौल में गांव के कब्रिस्तान में शव सुपुर्द ए खाक कर दिया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। नगर व क्षेत्र के लोगों ने पीड़ित परिवार के घर पहुंचकर सांत्वना दी।