मेरठ। जेल रोड स्थित पार्टी कार्यालय पर शनिवार को हुई सपाइयों की बैठक में जिलाध्यक्ष कर्मवीर सिंह गुमी ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) का एक माह का समय और बढ़ गया है। इस दौरान सभी सपाई अभियान पर पूरा जोर दें। लोगों की वोट बनने में कोई दिक्कत या नामों को कोई त्रुटि है तो उसे दूर कराएं। प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल होना जरूरी है।
जिला अध्यक्ष ने सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय होकर गहन पुनरीक्षण अभियान में पूरी जिम्मेदारी निभाएं। उन्होंने कहा कि किसी भी पात्र मतदाता का नाम न कटे, न ही किसी प्रकार की लापरवाही हो-इसके लिए समाजवादी पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता सतर्क रहे। विशेष रूप से युवाओं, महिलाओं, किसानों और मजदूर वर्ग के मतदाताओं के नाम सूची में जुड़वाने पर जोर दिया गया।
उन्होंने बूथ कमेटियों को मजबूत करने, नए कार्यकर्ताओं को जोड़ने और जनसंपर्क अभियान तेज करने के निर्देश दिए। इस दौरान दिनेश गुर्जर, मो. अब्बास, योगेंद्र जाटव शौल्दा, मृदुला यादव, नेत्रपाल कौल, आदिल चौधरी, फैज़ान अंसारी, एहतेशाम इलाही और अनिल वर्मा आदि मौजूद रहे।