सरधना। खाद्य एवं रसद विभाग ने राशनकार्ड यूनिटों की ई-केवाईसी की समय सीमा फरवरी तक बढ़ा दी है। इससे पहले इसके लिए दिसंबर तक का समय निर्धारित किया गया था। आपूर्ति विभाग ने सभी राशन डीलर को जल्द से जल्द वृद्धों, दिव्यांगों के घरों में जाकर उनकी ई-केवाईसी करने के निर्देश दिए हैं।
खाद्य निरीक्षक दिनेश कुमार ने बताया कि आपूर्ति विभाग और खाद्य व रसद विभाग की तरफ से ई-केवाईसी करवाने के निर्देश जारी किए हैं। अगर राशन कार्डधारक हैं तो ई-केवाईसी करवाना अनिवार्य है, लेकिन अगर आप इस काम को नहीं करवाते हैं तो आपका राशन कार्ड रद्द हो सकता है। जिला पूर्ति अधिकारी की तरफ से जल्द सत्यापन कराने की अपील की गई है। बताया कि सरकार ने राशनकार्ड धारकों के सत्यापन के लिए इस वर्ष जून से ई-केवाईसी प्रक्रिया शुरू है। जिन लोगों के राशन कार्ड में नाम दर्ज हैं, उनको कोटेदारों के पास पहुंचकर ई-पोश मशीन पर अंगुलियों की छाप देनी है। जो लोग ई-केवाईसी नहीं कराएंगे, राशनकार्ड से उनके नाम हटा दिए जाएंगे। साथ ही ई-केवाईसी के नाम पर होने वाली ठगी से सावधान रहना होगा।