सरूरपुर। इंडियन गैस एजेंसी पर लगी उपभोक्ताओं की भीड़। ग्रामीण
संवाद न्यूज एजेंसी
सरूरपुर। क्षेत्र के कस्बा करनावल स्थित गैस एजेंसी पर तीन दिन बाद रसोई गैस सिलिंडरों की सप्लाई पहुंची तो उपभोक्ताओं की भीड़ उमड़ पड़ी। बृहस्पतिवार सुबह से ही एजेंसी के बाहर लंबी कतारें लग गई। तेज धूप और गर्मी के बीच महिलाएं व बुजुर्ग घंटों लाइन में खड़े रहे। पिछले तीन दिनों से सप्लाई बाधित रहने के कारण क्षेत्र में गैस वितरण प्रभावित था। सप्लाई पहुंचते ही बड़ी संख्या में उपभोक्ता एजेंसी पर पहुंच गए जिससे अव्यवस्था की स्थिति बन गई। कतार में आगे-पीछे होने को लेकर कुछ उपभोक्ताओं के बीच नोकझोंक भी हुई। एजेंसी संचालिका नीरज गोयल ने बताया कि क्षेत्र में गैस की कोई किल्लत नहीं है। सप्लाई में तीन दिन की देरी के कारण एक साथ अधिक उपभोक्ता पहुंचने से भीड़ बढ़ गई। उन्होंने बताया कि 11 व 12 अप्रैल को बुकिंग कराने वाले उपभोक्ताओं को सिलिंडर वितरित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि अगली सप्लाई समय पर पहुंचती है तो 13 व 14 अप्रैल की बुकिंग वाले उपभोक्ताओं को अगले दिन गैस उपलब्ध करा दी जाएगी। वितरण व्यवस्था को जल्द सामान्य करने के प्रयास किए जा रहे हैं।