जिले में छह संवदेनशील परीक्षा केंद्रों में किठौर के चार परीक्षा केंद्रों पर दूसरी पाली में कई केंद्रों पर एक भी स्टेटिक मजिस्ट्रेट नहीं दिखा। किठौर के एक स्कूल में गणित का पेपर लीक होने की अफवाह से हड़कंप मच गया। डीआईओएस पुलिस फोर्स के साथ पहुंचे और जांच की। कमरों में सीसीटीवी कैमरे लगे हैं और बाहर नकल माफिया से निबटने के लिए पुलिस बल तैनात रहा।
किठौर के चार संवदेनशील केंद्रों पर केन्द्र व्यवस्थापक के साथ एक-एक स्टेटिक मजिस्ट्रेट की निगरानी में परीक्षा करने के आदेश थे, लेकिन पहले ही दिन प्रशासन के दावे खोखले साबित होते दिखे। इंटरमीडिएट की दूसरी पाली में केवी इंटर कालेज महलवाला में 3:30 बजे और फतेहपुर नारायण स्थित एक स्कूल पर भी कोई अधिकारी नहीं दिखा। जिला विद्यालय निरीक्षक ने बताया कि चार-पांच छात्राएं गृह विज्ञान का पेपर देने के लिए आई थीं, मगर उनके प्रवेश पत्र में गणित अंकित था, जिस कारण उन्हें प्रवेश नहीं दिया गया। छात्राओं ने इसका विरोध किया, इसी दौरान यह अफवाह उड़ गई कि गणित का पेपर लीक हो गया है।
300 मीटर दूर ही रोक दिए गए अभिभावक
भावनपुर थाना के गांव लालपुर स्थित जानकी आर्य कन्या इंटर कालेज में बोर्ड परीक्षा की द्वितीय पारी में सामान्य हिंदी की परीक्षा शुरू हुई, जिसमें 42 छात्राओं ने परीक्षा दी। अभिभावकों को परीक्षा केंद्र से 300 मीटर की दूरी पर ही रोक दिया गया। परीक्षा केंद्रों पर कमरों में सीसीटीवी कैमरे लगे रहे, वहीं कॉलेज के बाहर भी पुलिस प्रशासन की ओर से काफी सख्ती रही। परीक्षार्थी ई रिक्शा में भी परीक्षा केंद्रों तक पहुंचे।